24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। हार्टफुलनेस संस्थान, उदयपुर केंद्र की ओर से सोमवार को पुलिस लाइन स्थित उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) थाने में अधिकारियों और जवानों के लिए ध्यान एवं ब्राइटर माइंड एक्सरसाइज़ पर आधारित एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इस आयोजन में केंद्र निरीक्षक श्री सुरेन्द्र सिंह राठौड़, हार्टफुलनेस समन्वयक डॉ. राकेश दशोरा, प्रशिक्षक डॉ. सुबोध शर्मा, सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल एवं समय सिंह सहित 10 से अधिक पुरुष एवं महिला आरक्षक उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान डॉ. राकेश दशोरा ने प्रतिभागियों को हार्टफुलनेस ध्यान का अभ्यास कराया और इसके वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह ध्यान प्रणाली यौगिक प्राणाहुति पर आधारित है, जो व्यक्ति को हृदय से जुड़ने, उसकी दिव्यता को अनुभव करने और जीवन में संतुलन लाने में सहायक है। उन्होंने संस्थान के वैश्विक मार्गदर्शक श्री कमलेश पटेल ‘दाज़ी’ और तेलंगाना स्थित ‘कान्हा शांतिवनम्’ की जानकारी भी साझा की।
प्रशिक्षक डॉ. सुबोध शर्मा ने ब्राइटर माइंड एक्सरसाइज़ करवाईं और समझाया कि इन सरल कसरतों के माध्यम से मस्तिष्क की पूर्ण क्षमताओं का उपयोग किया जा सकता है, जिससे व्यक्ति तनाव रहित एवं उत्पादक जीवन जी सकता है।
आरपीएफ निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ ने ध्यान सत्र के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि इस अभ्यास से सभी को गहरी शांति एवं निश्चलता का अनुभव हुआ। उन्होंने हार्टफुलनेस संस्थान का आभार व्यक्त किया और बताया कि आरपीएफ जवानों के समग्र विकास हेतु आगामी एक माह तक प्रत्येक सोमवार सुबह 6.30 बजे योग एवं ध्यान कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल ने ध्यान को तनाव प्रबंधन का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि यह न केवल तनाव को दूर करता है, बल्कि व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है।
रेलवे सुरक्षा बल को मिला हार्टफुलनेस ध्यान का प्रशिक्षण, तनावमुक्त जीवन की ओर बढ़ाया कदम

Advertisements
