Site icon 24 News Update

मसानिया तालाब में गंदगी का अंबार, प्रशासनिक अनदेखी से बिगड़ रही स्थिति

Advertisements

24 News Update सागवाड़ा (जयदीप जोशी)। नगर के आसपुर मार्ग पर स्थित प्रमुख मसानिया तालाब इन दिनों गंदगी और कचरे के अंबार से जूझ रहा है। नगर के तीन प्रमुख तालाबों में शामिल मसानिया तालाब, जो वर्षभर पानी से भरा रहता है और पेयजल का अहम स्रोत भी है, उसकी दुर्दशा शहरवासियों के लिए चिंता का विषय बन गई है।
तालाब के आसपास रहने वाले लोगों एवं दुकानदारों द्वारा लगातार कचरा फेंके जाने से तालाब की सुंदरता नष्ट हो रही है। गंदगी के कारण तालाब का पानी हरे रंग का दिखाई देने लगा है, जिससे पानी के प्रदूषित होने की आशंका बढ़ गई है। साथ ही आसपास दुर्गंध फैलने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
तालाब के पाल पर गणेश मंदिर, शीतला माता मंदिर सहित कई धार्मिक स्थल स्थित हैं, लेकिन इनके आसपास भी गंदगी पसरी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा समय पर सफाई नहीं की जा रही, जिससे स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। जहां एक ओर नगर पालिका स्वच्छता को लेकर संदेश दे रही है, वहीं नगर के प्रमुख तालाब की यह हालत प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करती है। नागरिकों ने शीघ्र सफाई एवं नियमित रखरखाव की मांग की है।

Exit mobile version