24 News Update उदयपुर। कार्मिक विभाग के तत्वावधान में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित 12वीं राजस्थान राज्य अंतर संभागीय सिविल सेवा खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को खेलगांव में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में विभिन्न खेलों के विजेताओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न संभागों से कुल 783 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
समापन समारोह में संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़ सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं कार्मिकों में खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क को बढ़ावा देती हैं।
प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी एडीएम राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता में 145 महिला और 638 पुरुष प्रतिभागियों सहित कुल 783 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबलों में दिखा रोमांच
शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वॉलीबॉल और क्रिकेट के फाइनल मुकाबलों में कड़ा संघर्ष और बेहतरीन खेल भावना देखने को मिली। वॉलीबॉल पुरुष वर्ग के फाइनल में अजमेर संभाग ने जोधपुर संभाग को कड़े मुकाबले में हराकर खिताब अपने नाम किया। करीब दो घंटे दो मिनट तक चले इस मुकाबले में कुल पांच सेट खेले गए। अजमेर ने पहले दो सेट जीतकर बढ़त बनाई, लेकिन जोधपुर ने जोरदार वापसी करते हुए तीसरा और चौथा सेट अपने नाम कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक पांचवें सेट में अजमेर संभाग ने 15-9 से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा किया, जबकि जोधपुर उपविजेता रहा।
उदयपुर संभाग बना क्रिकेट चैंपियन
खेलगांव मैदान पर खेले गए क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में उदयपुर संभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जयपुर संभाग को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। जयपुर संभाग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 94 रन बनाए। टीम की ओर से अजय बेनीवाल ने सर्वाधिक 51 रन बनाए। उदयपुर की ओर से गेंदबाजी में कैलाश मीणा और सागर जोशी ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि प्रशांत सोनी ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए उदयपुर संभाग ने प्रशांत सोनी के नाबाद 38 रन और सागर जोशी के 26 रनों की बदौलत मैच 8 विकेट से जीत लिया।
विभिन्न स्पर्धाओं के परिणाम
कबड्डी पुरुष वर्ग में जयपुर मुख्यालय की टीम विजेता रही, जबकि अजमेर उपविजेता रहा। महिला कबड्डी वर्ग में जयपुर मुख्यालय ने पहला स्थान प्राप्त किया और जयपुर संभाग उपविजेता रहा। बास्केटबॉल पुरुष वर्ग में जोधपुर संभाग विजेता और बीकानेर संभाग उपविजेता रहा। लॉन टेनिस पुरुष वर्ग में जयपुर संभाग ने खिताब जीता, जबकि बीकानेर संभाग उपविजेता रहा। महिला लॉन टेनिस में जयपुर विजेता और उदयपुर उपविजेता रहा। बैडमिंटन पुरुष वर्ग में जयपुर संभाग प्रथम और कोटा संभाग उपविजेता रहा, जबकि महिला बैडमिंटन वर्ग में उदयपुर विजेता तथा बीकानेर उपविजेता रहा। टेबल टेनिस पुरुष वर्ग में जोधपुर संभाग विजेता और बीकानेर संभाग उपविजेता रहा। महिला टेबल टेनिस में उदयपुर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि जयपुर संभाग उपविजेता रहा।
अंतर संभागीय सिविल सेवा खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन, 783 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

Advertisements
