24 News Update उदयपुर। केंद्र सरकार द्वारा वस्तुओं पर जीएसटी की दरों में की गई कमी का वास्तविक लाभ आम उपभोक्ताओं तक पहुँचे, इसके लिए अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत संगठन ने सोमवार को धानमंडी हनुमानजी मंदिर से आठ दिवसीय अभियान की शुरुआत की।
जिला मंत्री नारायण पंचोली ने बताया कि अभियान के तहत धानमंडी के व्यापारियों से मुलाकात कर उनसे आग्रह किया गया कि जिन वस्तुओं पर जीएसटी कम किया गया है, उन्हें ग्राहकों को उसी नई दर पर बेचा जाए। साथ ही दुकानों पर पुरानी एवं नई मूल्य सूची स्पष्ट रूप से अंकित करने की अपील की गई, ताकि उपभोक्ताओं को सही दाम की जानकारी मिल सके और उन्हें लाभ मिल सके।
अभियान का नेतृत्व प्रांत संगठन मंत्री राकेश पालीवाल ने किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा, हरिशंकर तिवारी, सुरेश पंडवाल, मनोहर मूंदड़ा, निखिल पंडवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने ग्राहक पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्राहकों का विश्वास बढ़ेगा, ईमानदारी से व्यापार करने वालों की छवि सुदृढ़ होगी और उपभोक्ताओं को पूर्ण संतुष्टि मिल सकेगी।
ग्राहक पंचायत ने व्यापारियों से कम जीएसटी का लाभ ग्राहकों तक पहुँचाने की मांग

Advertisements
