24 News Update उदयपुर। शहर में समाजसेवा और मानवता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली गोलछा पॉलीक्लिनिक संस्थान को लगातार 20 वर्षों से रक्तदान शिविर एवं थेलेसिमिया ग्रस्त बच्चों के लिए कार्यक्रम आयोजित करने पर सम्मानित किया गया।
लोकमित्र ब्लड बैंक एवं थेलेसिमिया रिसर्च सेंटर उदयपुर तथा बाल आयुष फेडरेशन, बेंगलुरु के संयुक्त तत्वावधान में महाराणा भूपाल चिकित्सालय (एमबी हॉस्पिटल) परिसर में रक्तदाताओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं एवं सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता रही।
लोकमित्र ब्लड बैंक के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र श्रीमाली ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी थे। साथ ही आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राहुल जैन एवं एमबी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अतिथियों ने रक्तदान शिविरों का नियमित आयोजन करने वाली संस्थाओं एवं रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान गोलछा पॉलीक्लिनिक संस्थान को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान एक अत्यंत पुनीत कार्य है, जिसकी तुलना किसी अन्य दान से नहीं की जा सकती। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आयुष फेडरेशन बेंगलुरु के कीर्ति जोशी एवं आयुष पाल ने थेलेसिमिया से ग्रस्त बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख व्यक्तियों में डॉ. महेंद्र श्रीमाली, बाबूलाल खराड़ी, डॉ. राहुल जैन, डॉ. आर.एल. सुमन, कीर्ति जोशी, आयुष पाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं रक्तदाता मौजूद रहे।
समारोह का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं थेलेसिमिया पीड़ित बच्चों के लिए सहयोग को प्रोत्साहित करना रहा।
20 वर्षों से रक्तदान एवं थेलेसिमिया सेवा कार्य पर गोलछा पॉलीक्लिनिक सम्मानित

Advertisements
