Site icon 24 News Update

बिना OTP नहीं मिलेगा गैस सिलेंडर, 1300 गैस एजेंसियों पर लगेंगे पोस्टर-बैनर

Advertisements

24 News Update जयपुर। सुमित गोदारा ने प्रदेश में एलपीजी आपूर्ति को लेकर गुरुवार को सचिवालय में अहम बैठक लेते हुए बड़ा फैसला किया है। अब बिना ओटीपी सत्यापन और डायरी में एंट्री के घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि कुछ एजेंसियों में फर्जी बुकिंग और गैस सिलेंडर के डाइवर्जन की शिकायतें सामने आई थीं, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही थी। ऐसे में अब सख्ती बढ़ाते हुए ओटीपी और रजिस्टर एंट्री को अनिवार्य कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेश में घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वर्तमान में बुकिंग के 3 से 4 दिन के भीतर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर मिल रहा है।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, अन्नपूर्णा रसोइयों और धार्मिक स्थलों को भी निर्बाध गैस आपूर्ति की जा रही है।
प्रदेश में करीब 1300 गैस एजेंसियों के माध्यम से आपूर्ति की जा रही है। मंत्री ने गैस कंपनियों को निर्देश दिए कि वे ओटीपी और डायरी एंट्री की अनिवार्यता को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं और सभी एजेंसियों पर पोस्टर-बैनर लगाएं।
साथ ही उन्होंने निगरानी तंत्र को मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि गैस कंपनियों के फील्ड ऑफिसर रोजाना कम से कम एक एजेंसी का औचक निरीक्षण करें और जियो-टैगिंग के साथ रिपोर्ट विभाग को भेजें। दूरदराज क्षेत्रों की एजेंसियों पर विशेष फोकस रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अम्बरीष कुमार (शासन सचिव, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग) ने बताया कि प्रदेश में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पर्याप्त है और लगातार मॉनिटरिंग कर आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा रहा है।
बैठक में गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी भरोसा दिलाया कि प्रदेश में घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर मिल रहे हैं और अब बुकिंग का दबाव भी कम हुआ है, जिससे सिस्टम और सर्वर सुचारू रूप से काम कर रहे हैं।

Exit mobile version