24 News Update उदयपुर, 19 फरवरी। राजस्थान के लोकायुक्त जस्टिस प्रताप कृष्ण लोहरा गुरुवार को उदयपुर प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट के मिनी सभागार में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर उदयपुर जिले से जुड़े लंबित प्रकरणों की जांच प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में जिला कलेक्टर नमित मेहता एवं जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल की उपस्थिति में जिला परिषद, यूडीए, नगर निगम, बिजली निगम, राज्य बीमा, राजस्व सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की स्थिति पर चर्चा की गई। लोकायुक्त ने लंबित मामलों में जांच प्रक्रिया तेज करने और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोकायुक्त जस्टिस लोहरा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों की जांच के दौरान नैसर्गिक न्याय के सिद्धांतों की पूर्ण पालना की जाए, ताकि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो। उन्होंने विशेष रूप से मानवीय दृष्टिकोण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पीड़ितों को शीघ्र एवं प्रभावी राहत दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जांच प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और प्रभावी हो, जिससे आमजन का लोकायुक्त संस्था पर विश्वास बना रहे। बैठक में शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में लोकायुक्त सचिव श्री गौरीशंकर शर्मा, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, जिला परिषद सीईओ रिया डाबी, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, यूडीए सचिव हेमेंद्र नागर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जांच में नैसर्गिक न्याय के सिद्धांतों की हो पूर्ण पालना – लोकायुक्त जस्टिस प्रताप कृष्ण लोहरा

Advertisements
