Site icon 24 News Update

गोल्ड इन्वेस्टमेंट के नाम पर देशभर में ठगी: 50 लाख की ठगी का आरोपी भीलवाड़ा से गिरफ्तार, 13 मामलों में वांछित

Advertisements

24 News Update भीलवाड़ा | भीलवाड़ा साइबर थाना पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गोल्ड ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर देशभर में कुल 13 ठगी के मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, अकेले भीलवाड़ा में इस व्यक्ति ने 50 लाख रुपये की फर्जी ट्रांजेक्शन की थी।

गुजरात में बनाई फर्जी फर्म, देशभर में फैलाई जालसाजी
साइबर थाना प्रभारी घनश्याम मीणा ने बताया कि आरोपी आगरिया इरशाद ने गुजरात के मुंद्रा में एक फर्जी फर्म बनाकर गोल्ड ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट योजना का झांसा देना शुरू किया। वह लोगों को मोटे मुनाफे का लालच देकर उनसे बड़ी राशि अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवाता था। भीलवाड़ा निवासी एक व्यवसायी से इसी तरह धोखा कर 50 लाख रुपये ठगे गए।

50 लाख की रकम ट्रांसफर कर रहा था इधर-उधर
पुलिस के अनुसार, आरोपी ठगी की गई राशि को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर खुर्द-बुर्द करने की कोशिश में लगा था। मामले की जांच के दौरान साइबर टीम ने तकनीकी सहायता से उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया।

देशभर में 13 केस, एक और साथी फरार
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी आगरिया इरशाद के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया है, जबकि उसका एक अन्य साथी अब भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।साइबर थाना प्रभारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनजान कंपनियों या व्यक्तियों द्वारा दिए गए निवेश प्रस्तावों से सावधान रहें। किसी भी निवेश से पहले संबंधित फर्म की प्रमाणिकता की पुष्टि अवश्य करें।

Exit mobile version