24 News Update उदयपुर। कोटा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं उदयपुर शहर जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मधुसूदन शर्मा का मंगलवार सुबह उदयपुर में निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। कांग्रेस नेता पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि डॉ. शर्मा ने आज सुबह अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेताओं, शिक्षाविदों और शुभचिंतकों का सुथारवाड़ा स्थित उनके आवास पर तांता लग गया।
डॉ. मधुसूदन शर्मा का शैक्षणिक और प्रशासनिक जीवन अत्यंत गौरवपूर्ण रहा। वे मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में विज्ञान संकाय के डीन, जूलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष, सेंट्रल लाइब्रेरी के ऑफिस इंचार्ज तथा विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स बोर्ड के चेयरमैन जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे। बाद में उन्होंने कोटा विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में भी सेवाएं दीं।
राजनीतिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। वे उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके थे और संगठनात्मक कार्यों में उनकी सशक्त पहचान थी। डॉ. शर्मा की अंतिम यात्रा सुथारवाड़ा स्थित उनके आवास से दोपहर साढ़े बारह बजे रवाना होकर अशोक नगर मोक्षधाम पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन पर उदयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़, देहात कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा सहित अनेक कांग्रेस नेताओं और शिक्षाविदों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
कोटा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. मधुसूदन शर्मा का निधन, शिक्षा व राजनीति जगत में शोक

Advertisements
