24 News Update जहाज़पुर कस्बे में सोमवार को खाद्य विभाग की टीम के अचानक पहुंचने से पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टीम की कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से चले गए, जिससे कुछ समय के लिए किराना बाजार पूरी तरह ठप हो गया।
रसद अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मिलावट और एक्सपायरी सामग्री की जांच के तहत तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। इस दौरान बस स्टैंड स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार से मावे के पेड़े का सैंपल लिया गया। वहीं, चावंडिया चौराहे पर स्थित अशोका मिष्ठान भंडार से मावे की चक्की का नमूना संग्रहित किया गया।
इसके बाद टीम ने खुशबू उद्योग पर भी छापा मारते हुए “JMD” ब्रांड नाम से बिक रही मिर्ची का सैंपल लिया। तीनों प्रतिष्ठानों के दस्तावेजों की भी गहन जांच की गई।
अधिकारी अशोक यादव ने बताया कि जो दुकानदार कार्रवाई के दौरान दुकानें बंद कर फरार हो गए हैं, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि एक्सपायरी डेट का सामान बेचने या खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आमजन ने इस पहल का स्वागत करते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।
जहाज़पुर में खाद्य विभाग की सख्त कार्रवाई: 3 दुकानों से लिए सैंपल, किराना बाजार में मचा हड़कंप

Advertisements
