Site icon 24 News Update

निंबाहेड़ा के शाहबाद गांव में शॉर्ट सर्किट से आग, किसान के मकान-नोहरे में साढ़े तीन लाख का नुकसान

Advertisements

24 News Update निंबाहेड़ा — कविता पारख, पंचायत समिति बडोली घाटा के शाहबाद गांव में सोमवार शाम शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक किसान के मकान व नोहरे को चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे परिसर में काला धुआं छा गया और अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक अर्जुन जाट पुत्र रमेश जाट के घर में शाम करीब 5:40 बजे शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। सूचना मिलने पर नगर परिषद की दमकल टीम मौके पर पहुंची। फायरमैन जीवन पुष्करणा, सोम गोरान व सहायक कालू मीणा ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान ग्रामीणों ने भी बाल्टियों से पानी डालकर सहयोग किया। आग की लपटों और धुएं के कारण मकान के अंदर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था।
आग से मकान में रखा फर्नीचर, कपड़े, पंखे सहित अन्य सामान जलकर खाक हो गया, वहीं नोहरे में रखी 8–10 ट्रॉली सूखला (चारा) और लोहे के करीब 40 चद्दर भी जल गए। घटना में करीब साढ़े तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
समय रहते दमकल टीम के पहुंचने से आसपास के मकानों को बचा लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों की तत्परता और दमकलकर्मियों की सूझबूझ से आग पर काबू पाया जा सका।

Exit mobile version