24 News Update उदयपुर। शहर की सड़कों पर सोमवार शाम फिल्मी अंदाज में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक वांटेड तस्कर और हवाला आरोपी ने अपनी फॉर्च्यूनर से पुलिस को चकमा देने की कोशिश की। आरोपी ने कार रोकने आए सब इंस्पेक्टर (SI) को कुचलने का प्रयास किया और जब SI बोनट पर लटक गए, तो उन्हें लेकर गलियों में कार दौड़ाता रहा। इस दौरान SI ने आरोपी पर फायरिंग भी की, लेकिन आरोपी नहीं रुका और कुछ दूरी पर उन्हें गिराकर फरार हो गया। घटना का CCTV फुटेज मंगलवार को सामने आया, जिसने पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
गुजरात के पालनपुर थाने की पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि जालोर का वांटेड बदमाश सुरेश राजपुरोहित उदयपुर के शोभागपुरा स्थित Vegas-69 क्लब में मौजूद है। सुरेश पर हवाला, स्मगलिंग और धोखाधड़ी जैसे कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं और वह गुजरात पुलिस को लंबे समय से वांछित था। सूचना मिलने पर गुजरात पुलिस की टीम क्लब के बाहर निगरानी कर रही थी। जैसे ही सुरेश क्लब से निकलकर फॉर्च्यूनर कार में बैठा, टीम में शामिल सब इंस्पेक्टर जयदीप सरवैया ने उसे पकड़ने की कोशिश की।
आरोपी ने SI को कुचलने की कोशिश की, बोनट पर लटककर की फायरिंग
सुरेश ने पुलिस को देखते ही SI जयदीप को रौंदने की कोशिश की। लेकिन SI सतर्कता से बचते हुए कार के बोनट पर लटक गए। इसके बाद आरोपी ने गाड़ी दौड़ा दी और करीब आधा किलोमीटर तक तंग गलियों में कार भगाता रहा। इस दौरान SI जयदीप ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से बदमाश पर फायरिंग भी की, लेकिन सुरेश ने कार नहीं रोकी। कार की तेज़ रफ्तार के बीच उसने एक मोड़ पर SI को झटका देकर नीचे गिरा दिया और खुद फरार हो गया।
गलियों में अफरातफरी, दो लड़कियां बाल-बाल बचीं
घटना शाम करीब 6:30 बजे की है। आरोपी जैसे ही गली से भागा, स्थानीय दो स्कूटी सवार युवकों ने गली का गेट बंद कर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन सुरेश ने गेट तोड़ दिया और कार गलियों की ओर मोड़ दी। संकरी गलियों में भगदड़ जैसे हालात बन गए और इस बीच साइकिल सवार दो लड़कियां उसकी गाड़ी से टकराने से बाल-बाल बचीं।
पुलिस ने किया मामला दर्ज, टीमें तलाश में जुटीं
घायल SI जयदीप सरवैया ने सुखेर थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस की कई टीमें सुरेश की तलाश में जुटी हुई हैं। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
कौन है सुरेश राजपुरोहित?
सुरेश राजपुरोहित जालोर का रहने वाला है और गुजरात के विभिन्न थानों में वांटेड है। उस पर हवाला कारोबार, तस्करी और धोखाधड़ी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। लंबे समय से फरार सुरेश आमतौर पर दिल्ली और जयपुर में रहता है। उसका भाई उदयपुर के शोभागपुरा स्थित Vegas-69 क्लब का पार्टनर है। हाल ही में सुरेश ने भूपालपुरा क्षेत्र में कृष्णा पैलेस नाम से होटल लीज पर लिया था और वहीं ठहरा हुआ था, जिस कारण वह फि लहाल उदयपुर में मौजूद था।
फिल्मी स्टाइल में मुठभेड़: फॉर्च्यूनर के बोनट पर लटके SI, तस्कर कार भगाकर फरार, CCTV फुटेज आया सामने

Advertisements
