24 News Update उदयपुर। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में जमीन सौदे के नाम पर धोखाधड़ी, जालसाजी और दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने पहले विश्वास में लेकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए, फिर फर्जी तरीके से सौदा दिखाकर जमीन पर कब्जा कर लिया।
पुलिस के अनुसार नला फला निवासी दुदा पुत्र पेमा भील ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को झांसे में लेकर खातेदारों से खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। बाद में डमी व्यक्ति के नाम से धोखाधड़ीपूर्वक विक्रय इकरारनामा तैयार कर लिया गया। इतना ही नहीं, तय सीमा अवधि में जमीन के बदले शेष भुगतान भी नहीं किया गया और उक्त भूमि पर मकान बना दिया।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे और जमीन की बात उठाई तो उन्हें और उनके परिवार को डरा-धमकाकर चुप रहने का दबाव बनाया गया। मामले में दलित सिंह (निवासी माताजी की घाटी, देबारी), बाबूलाल मोटायत और भग्गाराम (निवासी नेतायल की भागल, भुताला) को आरोपी बनाया गया है।
इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 316(2) व 318(4) सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई वृताधिकारी कोटड़ा की जांच रिपोर्ट एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देशों की पालना में की गई है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक अमर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।
खाली कागजों पर साइन करवाकर फर्जी इकरारनामा, जमीन पर किया कब्जा

Advertisements
