24 News update उदयपुर, 24 अगस्त। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) के गेस्ट हाउस को और अधिक आधुनिक व सुसज्जित बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। शनिवार को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अजीत कुमार कर्नाटक ने गेस्ट हाउस के नए एक्सटेंशन ब्लॉक का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी— निदेशक अनुसंधान डॉ. अरविंद वर्मा, निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. आर.एल. सोनी, निदेशक रेजिडेंट इंस्ट्रक्शन एवं डीन, कॉलेज ऑफ फिशरीज डॉ. राम अवतार कौशिक, भू सम्पत्ति अधिकारी रणवीर शेखावत, गेस्ट हाउस प्रभारी डॉ. सुभाष मीना, प्रबंधक सुधीर साधवानी एवं गोपाल मीना, साथ ही भूमि संपदा कार्यालय के आर.के. बाबेल और देवराज सिंह सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
राज्य सरकार से प्राप्त एक करोड़ रुपये की राशि से इस एक्सटेंशन ब्लॉक का निर्माण होगा। इसके तहत 8 नए एसी अतिथि कक्ष बनाए जाएंगे। साथ ही गेस्ट हाउस के वर्तमान कक्षों का नवीनीकरण कर उन्हें भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद गेस्ट हाउस में कुल 34 कक्ष उपलब्ध होंगे, जिनमें 4 वीवीआईपी कक्ष भी शामिल होंगे। सभी कक्ष एसी युक्त होंगे।
कुलपति डॉ. कर्नाटक ने इस अवसर पर कहा कि “नए एक्सटेंशन ब्लॉक और नवीनीकरण के बाद विश्वविद्यालय का गेस्ट हाउस उच्च स्तर की आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। उदयपुर शहर के मध्य स्थित होने के कारण यह राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले सम्मेलन, सेमिनार और कार्यशालाओं में आने वाले अतिथियों के लिए अत्यंत सुविधाजनक साबित होगा।”
यह जानकारी विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. जी.एल. मीना ने दी।

