Site icon 24 News Update

उदयपुर में माहेश्वरी समाज की उद्यमी ताकत एक मंच पर, राष्ट्रीय स्तर पर व्यापारिक सहयोग का संकल्प

Advertisements

24 News Update उदयपुर। उद्योग, उद्यमिता और सामाजिक सहयोग को नई दिशा देने के उद्देश्य से माहेश्वरी इंटरनेशनल बिज़नेस फाउंडेशन (एमआईबीएफ) की ओर से उदयपुर में आयोजित बिज़नेस नेटवर्किंग मीट माहेश्वरी समाज की उद्यमी शक्ति के सशक्त प्रदर्शन के रूप में सामने आई। इस अवसर पर समाज के 100 से अधिक उद्यमियों, प्रोफेशनल्स और उद्योगपतियों ने सहभागिता कर आपसी सहयोग और नैतिक व्यापारिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया। शुरुआत डॉ. नम्रता माहेश्वरी के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि समाज आधारित संगठित बिज़नेस नेटवर्क न केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनते हैं, बल्कि विश्वास, पारदर्शिता और दीर्घकालिक सहयोग की मजबूत नींव भी रखते हैं।
एमआईबीएफ के संस्थापक संतोष लाहोटी एवं प्रशांत माहेश्वरी ने अपने संबोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में एक संगठित, गुणवत्ता-आधारित और राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय बिज़नेस नेटवर्क समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने भरोसेमंद संपर्कों और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से समाज के व्यवसायों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे ले जाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने एमआईबीएफ को समाज के लिए दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि यह मंच उद्यमियों को आपस में जोड़कर रोजगार सृजन और आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने समाज के अधिक से अधिक उद्यमियों से इस पहल से जुड़ने का आग्रह किया।
प्रख्यात उद्योगपति विनय राठी ने कहा कि संपर्क, सहयोग और नैतिकता के आधार पर छोटे व मध्यम उद्योग भी तेज़ी से विकास कर सकते हैं। वहीं, विशिष्ट अतिथि भींडर एसडीएम रमेश बहेड़िया एवं प्रमोद छापरवाल ने एमआईबीएफ के प्रयासों को समयानुकूल और प्रभावी बताते हुए इसकी सराहना की।
कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वरूप देते हुए कोलकाता, मुंबई और अहमदाबाद से आए एमआईबीएफ के प्रमुख सदस्य विमल परवाल, दिनेश भट्टड़ एवं मुकेश चेचानी ने भी सहभागिता की। बैठक में एस. एन. माहेश्वरी एवं अक्षय काबरा की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन की सफलता में हितेश भदादा, भरत बाहेती, मयंक मूंदड़ा, श्याम मोहता, तरुण असावा एवं पंकज तोषनीवाल के योगदान को विशेष रूप से सराहा गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित उद्यमियों ने अपना परिचय देते हुए व्यवसायिक संवाद और नेटवर्किंग को मजबूत किया।
कार्यक्रम का समापन श्रद्धा गट्टानी द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह आयोजन माहेश्वरी समाज की संगठित उद्यमी शक्ति और राष्ट्रीय स्तर पर सहयोग की मजबूत नींव के रूप में याद किया गया।

Exit mobile version