24 News update चावंड, 29 जून अखिल भारतीय वेगड़ा कलाल समाज छप्पन क्षेत्र, उदयपुर की केंद्रीय समिति के चुनाव रविवार को सलूंबर के चामुंडा माता मंदिर परिसर, चावंड में शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुए। समाज के सचिव कार्तिक चौधरी ने बताया कि पांचों संभागों से 500 से अधिक मौतबीरों की उपस्थिति में मुख्य पटेल नारायणलाल की देखरेख में चुनावी प्रक्रिया पूरी की गई।
अध्यक्ष पद के लिए भैरूलाल कलाल (निंबोदा) और लिम्बाराम (देवपुरा) के बीच मुकाबला था। लेकिन सामाजिक एकता और समरसता को ध्यान में रखते हुए समाजजनों की सहमति से दोनों के बीच समझाइश कर निर्विरोध चयन का निर्णय लिया गया। इसके तहत भैरूलाल कलाल को अध्यक्ष और लिम्बाराम को महामंत्री नियुक्त किया गया।
इसके बाद नवगठित नेतृत्व ने पटेलों और समाजजनों के साथ विचार-विमर्श कर नई कार्यकारिणी का गठन किया। जिसमें कन्हैयालाल देवपुरा, ललित सराड़ा, पन्नालाल बलुआ, गोविंद भराई और नाथूलाल जावर को उपाध्यक्ष, भंवरलाल जलानिया को कोषाध्यक्ष, कार्तिक परसाद को सचिव, पूजालाल बिलख को संगठन मंत्री, भगवानलाल जी थाना को सूचना मंत्री, रतनलाल पाड़ला को खेल मंत्री, प्रेम पीपली को सह-सचिव, बसंत कलाल (उदयपुर) को सह-कोषाध्यक्ष, दिनेश कुंडा को प्रवक्ता और लालूराम सरु को कानून मंत्री पद पर नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर सभी संभागों के अध्यक्षों और समाज के वरिष्ठजनों ने नवगठित टीम को बधाई दी ।
एक साल का विजन प्लान घोषित
चुनाव अवसर पर समाज ने नई कार्यकारिणी को एक वर्ष का विजन प्लान भी सौंपा। जिसके तहत सामाजिक कुरीतियों का उन्मूलन, सामूहिक विवाह आयोजन, मेधावी विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा की सुविधा और बुजुर्ग सम्मान समारोह जैसे कार्यों को प्राथमिकता से करने का निर्णय लिया गया।
जुलाई माह में कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।

