24 News Update उदयपुर। उदयपुर के वरिष्ठ शिक्षाविद् और जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ के डीन डॉ. सत्यभूषण नागर ने फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है। जयपुर में आयोजित भव्य ‘राजस्थान फिजियोथेरेपी समिट 2026’ के समापन समारोह में डॉ. नागर को उनके जीवनभर के श्रेष्ठ अकादमिक और शोध कार्यों के लिए ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान राजस्थान सरकार के उप मुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रदान किया। डॉ. सत्यभूषण नागर वर्तमान में माणिक्य लाल वर्मा श्रमजीवी सांयकालीन महाविद्यालय एवं ‘फैकेल्टी ऑफ रिहैबिलिटेशन साइंसेज’ में डीन के पद पर कार्यरत हैं। डॉ. नागर अब तक फिजियोथेरेपी और पुनर्वास विषयों पर 7 महत्वपूर्ण पुस्तकें लिख चुके हैं। उनके 30 से अधिक रिसर्च पेपर प्रतिष्ठित जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं, जबकि देश-विदेश की कॉन्फ्रेंस में वे 50 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। वर्तमान में वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर के दो जर्नल्स का संपादन भी कर रहे हैं। जयपुर में आयोजित इस समिट में भारत और विदेशों से करीब 1500 फिजियोथेरेपिस्ट्स ने भाग लिया। विशिष्ट अतिथियों में आईएपी (IAP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजीव झा, राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (RUHS) के डीन डॉ. ध्रुव तनेजा, रॉयल ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. आशीष मित्तल और आईएपी कोषाध्यक्ष डॉ. रुचि वार्ष्णेय जैसे दिग्गज चिकित्सा विशेषज्ञ मौजूद रहे।
शिक्षाविद् डॉ. एस.बी. नागर ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित

Advertisements
