24 News Update सागवाड़ा (जयदीप जोशी)। नगर के गलियाकोट मार्ग पर हाईवे ब्रिज के पास बाइपास उतरते समय सड़क किनारे स्थित पीपल के पेड़ से डूंगरपुर की तरफ से प्रातः करीब 5 बजे आ रहा डम्पर टकरा गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि डम्पर का आगे का हिस्सा पेड़ में फंस गया। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में बड़ी मशक्कत से दो क्रेन, दो जेसीबी मशीन और दमकल गाड़ी की सहायता से डम्पर को हटाया गया। अंदर करीब पांच घंटे से फंसे चालक को बड़ी मशक्कत से कुशलपूर्वक निकाला गया, जिसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार प्रातः करीब 5 बजे डूंगरपुर से सागवाड़ा की ओर आ रहा डम्पर गलियाकोट मार्ग कानडकुंआ मोड़ के पास स्थित ब्रिज के समीप अनियंत्रित होकर बाइपास रोड के पास स्थित पीपल के पेड़ से टकरा गया। इससे डम्पर का आगे का हिस्सा पेड़ में फंस गया और क्षतिग्रस्त हो गया। चालक भी अंदर फंस गया था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनीष खोईवाल, हेड कांस्टेबल लोकेन्द्र सिंह, कांस्टेबल धनश्याम सिंह, ट्रैफिक हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह सहित भारी पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। स्थिति को देखते हुए जेसीबी, क्रेन, दमकल गाड़ी सहित अन्य साधन बुलाए गए।
करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद प्रातः करीब 9 बजे पेड़ में फंसे डम्पर व चालक को बाहर निकाला गया। चालक को एम्बुलेंस से राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका एक पैर फ्रैक्चर पाया गया। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और सड़क से गुजरने वाले वाहन चालक मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारु करवाई। जानकारी के अनुसार चिखली निवासी कमलेश बागड़िया गुजरात से रेती (बजरी) भरकर बांसवाड़ा की ओर जा रहा था। ब्रिज के समीप संतुलन बिगड़ने से डम्पर पेड़ से टकरा गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि केबिन पूरी तरह पिचक गया और चालक के पैर उसमें फंस गए। पुलिस ने जेसीबी की मदद से केबिन खींचने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए मौके पर ही डॉक्टरों की टीम बुलाकर प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। बाद में गैस कटर की सहायता से केबिन को काटकर रास्ता बनाया गया और चालक को बाहर निकाला गया। उसे एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
डम्पर पीपल के पेड़ से टकराया, 5 घंटे की मशक्कत के बाद फंसे चालक को निकाला

Advertisements
