24 News Udpate उदयपुर. महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के कुलगुरु डॉ. अजीत कुमार कर्नाटक को उपभोक्ता सुरक्षा संगठन, नई दिल्ली द्वारा उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, नवाचारपूर्ण कार्यों और समाजोन्मुख सेवा के लिए “उपभोक्ता राष्ट्रीय गौरव सम्मान-2025” से सम्मानित किया गया।
कुलपति सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजश्री गांधी और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत झा ने उन्हें उपहार और सम्मान पत्र भेंट किया। उन्होंने कहा कि डॉ. कर्नाटक के कुशल मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय ने कृषि और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। शिक्षा, अनुसंधान और विस्तार सेवाओं को समाज की आवश्यकताओं से जोड़ते हुए उन्होंने किसानों, उपभोक्ताओं और विद्यार्थियों के हित में कई नवाचारपूर्ण पहल और गुणवत्ता सुधार किए हैं।
उल्लेखनीय है कि यह सम्मान उनके समर्पित शैक्षणिक, प्रशासनिक और मानवीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री शिरीष नाथ माथुर सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

