Site icon 24 News Update

सलूम्बर में जिला पत्रकार संगठन का गठन, नारायण मेघवाल निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

Advertisements

24 News Update सलूम्बर। जिले के पत्रकारों को एक मंच पर संगठित करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित सार्वजनिक पुस्तकालय में आयोजित बैठक में “पत्रकार परिषद जिला पत्रकार संगठन, सलूम्बर” का विधिवत गठन किया गया। बैठक में जिलेभर से आए पत्रकारों ने भाग लेकर संगठन की रूपरेखा, उद्देश्य तथा कार्यकारिणी के गठन पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार नारायण सेन ने की, जबकि वरिष्ठ पत्रकार कन्हैयालाल सोनी ने बैठक का अनुमोदन किया। अध्यक्ष पद हेतु नारायण मेघवाल के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे उपस्थित सभी पत्रकारों ने ध्वनि मत से सर्वसम्मति से पारित करते हुए उन्हें निर्विरोध जिला अध्यक्ष चुना।

बैठक में वरिष्ठ पत्रकार कन्हैयालाल सोनी एवं मनोज व्यास को संगठन का संस्थापक घोषित किया गया। वहीं नारायण सेन एवं प्रेम दास वैष्णव को संरक्षक नियुक्त किया गया।

कार्यकारिणी के गठन के दौरान महिला पत्रकार कल्पिता भावसार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया। अन्य पदाधिकारियों में लक्ष्मण भारती को उपाध्यक्ष, हरीश चतुर्वेदी को महासचिव, प्रवीण उस्ता को संगठन मंत्री, दीपक पटेल को कोषाध्यक्ष, व्यवस्थापक नरेश कुमार शर्मा तथा राजकुमार मारू को सूचना प्रभारी नियुक्त किया गया।

बैठक में कमलेश झडोला, अनिल भारती, गौतम पटेल, नवीन लोहार, गजेंद्र लक्षकार, ललित पटेल (सराड़ा), नाथूलाल सालवी, विनोद गर्ग सहित जिले के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संस्थापक कन्हैयालाल सोनी ने कहा कि जिले में पत्रकार संगठन का गठन समय की आवश्यकता थी। अब सभी पत्रकार एक मंच पर आकर अपनी समस्याओं और सुझावों को साझा कर सकेंगे तथा संगठित रूप से कार्य कर सकेंगे। संरक्षक नारायण सेन ने कहा कि नए जिले में नए साथियों के साथ मिलकर कार्य करने का यह उपयुक्त अवसर है। सामूहिक प्रयासों से संगठन निश्चित ही नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष नारायण मेघवाल ने कहा कि सभी पत्रकारों को “एक माला के मोती” की तरह संगठित रहकर संगठन को मजबूत बनाना है। आपसी समन्वय और सहयोग से पत्रकारों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा संगठन को निरंतर सशक्त बनाया जाएगा।

अंत में संस्थापक मनोज व्यास ने सभी उपस्थित पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिले में पत्रकार संगठन की मजबूत नींव रखी गई है। सभी साथियों के सहयोग से इसे और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाया जाएगा। बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि आगामी बैठक में अन्य पत्रकार साथियों को जोड़ते हुए कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा।

Exit mobile version