24 News Update उदयपुर। मेवाड़ और मारवाड़ के बीच रेल कनेक्टिविटी को नई दिशा देने की कवायद एक बार फिर तेज हो गई है। उदयपुर को जोधपुर से सीधे और कम दूरी में जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित रेल मार्ग पर रेलवे ने नए सिरे से काम शुरू कर दिया है। मारवाड़ जंक्शन से नाथद्वारा के बीच पुराने मीटर गेज रूट को ब्रॉडगेज में बदलने के लिए सर्वे प्रारंभ किया गया है, जिससे उदयपुर-जोधपुर की दूरी में उल्लेखनीय कमी आएगी।
यह वही प्रोजेक्ट है, जिसे पहाड़ी भूभाग और वन विभाग की आपत्तियों के चलते पहले ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। अब रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के हस्तक्षेप के बाद इस महत्वाकांक्षी योजना को फिर से हरी झंडी मिली है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस मार्ग के बनते ही उदयपुर न केवल जोधपुर बल्कि पश्चिमी राजस्थान के बड़े हिस्से से तेज और सीधी रेल सेवा से जुड़ जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने हाल ही में रेलवे के दीर्घकालीन रोडमैप ‘विजन 2030’ को साझा करते हुए संकेत दिए कि यह प्रोजेक्ट उदयपुर के पर्यटन, व्यापार और आवागमन के लिए गेम-चेंजर साबित होगा। पहाड़ी क्षेत्र में नए अलाइनमेंट के जरिए छोटा और सीधा रास्ता तैयार करने पर फोकस किया जा रहा है, जिससे समय और दूरी दोनों की बचत होगी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार नाथद्वारा, जो पहले ही धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र है, इस रेल प्रोजेक्ट के जरिए उदयपुर से और मजबूती से जुड़ेगा। इससे न केवल श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी, बल्कि उदयपुर-नाथद्वारा-मारवाड़ रूट पर नए यात्री और मालगाड़ी विकल्प भी खुलेंगे।
रेलवे का मानना है कि नई ब्रॉडगेज लाइन बनने से उदयपुर क्षेत्र के संगमरमर, खनिज, हस्तशिल्प और पर्यटन उद्योग को सीधा फायदा मिलेगा। साथ ही, जोधपुर और पश्चिमी राजस्थान से उदयपुर आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी।
हालांकि अभी यह प्रोजेक्ट सर्वे और तकनीकी अध्ययन के चरण में है, लेकिन रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस बार इसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। यदि सभी औपचारिकताएं तय समय में पूरी होती हैं, तो आने वाले वर्षों में उदयपुर को एक नई और तेज रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है, जो मेवाड़ को देश के बड़े रेल नेटवर्क से और मजबूती से जोड़ेगी।
उदयपुर को सीधी रेल रफ्तार देने की तैयारी, पहाड़ काटकर बनेगा नया ब्रॉडगेज मार्ग, नाथद्वारा–मारवाड़ जंक्शन रेल प्रोजेक्ट फिर जीवित, पर्यटन-व्यापार को मिलेगा बड़ा लाभ

Advertisements
