उदयपुर। ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का उदयपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर श्री योगेश गोयल के निर्देशों पर चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत थाना सुखेर पुलिस व डीएसटी (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9 एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनमें ऑनलाइन गेमिंग व बेटिंग से जुड़ी कई आईडी और एप मिले हैं।
रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा था ठगी का खेल
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तुलसी नगर स्थित मिक्सोरा रेस्टोरेंट एंड विला में ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग के नाम पर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के सत्यापन के बाद थानाधिकारी सुखेर श्री रविन्द्र चारण, आरपीएस प्रशिक्षु श्री जगदीश कुमार तथा डीएसटी टीम ने मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट संचालक चेतन अपने साथियों के साथ ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को अधिक मुनाफे और कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खातों में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाता पाया गया। इस पूरे नेटवर्क का उद्देश्य स्वयं को आर्थिक लाभ पहुंचाना और आम लोगों को नुकसान पहुंचाना था।
फर्जी आईडी, बेटिंग पैनल और कई गेमिंग एप बरामद
जांच में सामने आया कि आरोपी allpanelech.com नामक पैनल के जरिए ऑनलाइन गेमिंग व बेटिंग आईडी संचालित कर रहे थे। जब्त मोबाइल फोनों में
My99exch.com, BMWexch.com, 99kingbet.com, 99fancy.com
जैसे विभिन्न अवैध गेमिंग एप्स की कई आईडी पाई गईं।
आरोपियों द्वारा अलग-अलग लोगों को झांसे में रखकर ऑनलाइन गेम खेलने के लिए प्रेरित किया जाता था, फिर ठगी की राशि को विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा कर कमीशन के रूप में आपस में बांटा जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बैंक खाते खरीदने-बेचने जैसे संगठित अपराध में भी संलिप्त थे।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ
बीएनएस 2023 की धारा 318(4), 316(2), 112(2), 61(2)
एवं
आईटी एक्ट की धारा 66 व 66डी
के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- अरविन्द कुमार उर्फ मुन्ना, पिता रामपाल
निवासी – गोरखिया, थाना करेडा, जिला भीलवाड़ा
हाल – न्यू रानीप, अहमदाबाद (गुजरात) - चेतन, पिता मांगीलाल
निवासी – कपासन, जिला चित्तौड़गढ़
हाल – रूपमधुवन अपार्टमेंट, शोभागपुरा, उदयपुर - तुषार, पिता सत्यनारायण
निवासी – कपासन, जिला चित्तौड़गढ़
हाल – रिवरव्यू अपार्टमेंट, भूपालपुरा, उदयपुर - कमल, पिता अरविन्द
निवासी – श्रीराम कॉलोनी, कपासन, जिला चित्तौड़गढ़ - अभिषेक, पिता ओमप्रकाश
निवासी – गिलूण्ड, थाना रेलमगरा, जिला राजसमंद
हाल – सज्जन अपार्टमेंट, शोभागपुरा, उदयपुर
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
- श्री रविन्द्र चारण – थानाधिकारी, सुखेर
- श्री जगदीश कुमार – आरपीएस (प्रशिक्षु)
- श्री विक्रम सिंह – स.उ.नि., प्रभारी डीएसटी
- श्री राजेन्द्र सिंह – स.उ.नि.
- हैड कांस्टेबल: अखिलेश कुमार, जगदीश, रामकुमार, जितेन्द्र, अचलाराम
- कांस्टेबल: ओमप्रकाश, उमेश, शक्ति सिंह, कमलेश

