Site icon 24 News Update

टेकऑफ के 49वें सेकंड में क्रैश, पायलट का आखिरी संदेश: “थ्रस्ट नहीं मिल रहा, नहीं बचेंगे”, मौत का आंकड़ा 275 तक पहुंचा, विमान की टेल से मिला शव, जांच रिपोर्ट 3 महीने में आने की संभावना

Advertisements

24 News Update अहमदाबाद | एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 गुरुवार को हुए भयावह हादसे में अब तक मृतकों की संख्या 275 तक पहुंच चुकी है। शनिवार को बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल के मलबे से एक और शव बरामद होने के बाद यह संख्या बढ़ी है। कहा जा रहा है कि यह शव एक एयर होस्टेस का हो सकता है। हादसे के समय विमान में सवार कुल 242 यात्रियों और क्रू में से 241 की मौत हो चुकी है, केवल एक यात्री की जान बची है। इसके अलावा, हादसे की चपेट में आए हॉस्टल में 34 लोगों की जान गई—जिनमें 5 डॉक्टर और 31 स्टाफ सदस्य शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री ने दिए बयान, जांच समिति गठित
शनिवार को सिविल एविएशन मिनिस्टर के. राममोहन नायडू ने अहमदाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि हादसे की जांच पहले दिन से जारी है। जांच का नेतृत्व केंद्रीय गृह सचिव कर रहे हैं, जिसमें DGCA और IB के अधिकारी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, “ब्लैक बॉक्स शुक्रवार शाम 5 बजे बरामद हो गया है, इससे हादसे के तकनीकी कारणों का पता चलेगा। 3 महीने के भीतर जांच रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।” एयरपोर्ट से महज 2 किमी दूर हादसा हुआ। पायलट सुमित सभरवाल ने आखिरी क्षणों में ATC को “मेडे, मेडे…” कहते हुए बताया कि विमान को थ्रस्ट नहीं मिल रहा और पावर डाउन हो रहा है। टेकऑफ के केवल 49वें सेकंड में विमान नीचे गिर गया, जिससे हॉस्टल की इमारत क्षतिग्रस्त हो गई।

DNA सैंपलिंग और पोस्टमॉर्टम का कार्य जारी
सिविल अस्पताल में अब तक 270 से अधिक शवों का पोस्टमॉर्टम हो चुका है और 230 मृतकों की DNA सैंपलिंग की जा चुकी है। अस्पताल परिसर में भारी सुरक्षा तैनात है और आमजन की आवाजाही पर रोक है। अब तक केवल 8 शवों की शिनाख्त की गई है। परिजन अस्पताल के बाहर इंतजार कर रहे हैं, जहां संवेदनाओं का सैलाब उमड़ा हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत की पुष्टि
इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मृत्यु की पुष्टि हुई है। भाजपा नेता भूपेंद्र सिंह चुडासमा ने बताया कि रूपाणी का अंतिम संस्कार राजकोट में किया जाएगा, जो उनके DNA सैंपल के मिलान के बाद तय होगा। बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल को खाली कराया जा रहा है। छात्रों को कैंसर अस्पताल भवन में स्थानांतरित किया गया है। एअर इंडिया ने फ्लाइट नंबर AI-171 को स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। अब यह रूट फ्लाइट नंबर AI-159 से संचालित होगा। IMA (इंडियन मडिकल एसोसिएशन) ने टाटा समूह से मृत और घायल छात्रों के लिए आर्थिक सहायता की अपील की है। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सिंघवी ने बताया कि DNA मिलान को फास्ट ट्रैक करने के लिए FSL को केंद्र की सहायता प्राप्त हो रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अहमदाबाद के लिए रवाना हुए हैं। वहीं, गुजरात के गृह मंत्री घटनास्थल पर पहुंचे।

Exit mobile version