24 News Update उदयपुर, 6 अप्रैल। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर और श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय (एसकेएनएयू), जोबनेर के बीच रविवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में विश्वविद्यालयों से जुड़े साझा मुद्दों पर गंभीर मंथन हुआ। बैठक में एमपीयूएटी के कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह और एसकेएनएयू के कुलगुरु डॉ. पी. एस. चौहान ने भाग लिया।
बैठक के दौरान दोनों कुलगुरुओं के बीच विभिन्न समान विषयों, विशेष रूप से पेंशन से जुड़े मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान यह महसूस किया गया कि विश्वविद्यालयों के लंबित प्रकरणों के समाधान के लिए समन्वित और प्रभावी प्रयासों की आवश्यकता है। इसी दिशा में राज्य सरकार से पेंशन निधि प्राप्त करने के लिए एक सशक्त और प्रभावी प्रस्ताव प्रस्तुत करने पर आम सहमति बनी।
इसके अतिरिक्त कर्मचारियों के नियमितीकरण और स्थिरीकरण के विषय पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि कर्मचारियों को स्थायित्व प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे संस्थानों में कार्यरत कार्मिकों को राहत मिल सके।
बैठक में यह भी सहमति बनी कि इन महत्वपूर्ण विषयों पर ठोस और व्यापक निर्णय लेने के लिए शीघ्र ही पुनः बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी पहलुओं पर विस्तार से विचार कर आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।इस संबंध में जानकारी डॉ. जी. एल. मीना, मीडिया प्रकोष्ठ एवं जनसंपर्क अधिकारी, एमपीयूएटी उदयपुर द्वारा दी गई।

