Site icon 24 News Update

अंता से कांग्रेस ने प्रमोद जैन भाया को उम्मीदवार बनाया

Advertisements

24 News Update जयपुर। बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। भाया साल 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के कंवरलाल मीणा से पराजित हुए थे। अब पार्टी ने उन्हें दोबारा मैदान में उतारकर सीट पर पुनः कब्जा करने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस ने प्रत्याशी का नाम घोषित कर भाजपा से एक कदम आगे बढ़ते हुए चुनावी मैदान में रणनीतिक बढ़त हासिल करने की कोशिश की है।
बीजेपी की तैयारी तेज
कांग्रेस की घोषणा के बाद अब भाजपा भी अपने प्रत्याशी की घोषणा की तैयारी में जुट गई है। पार्टी ने अंता उपचुनाव के लिए सांसद दामोदर अग्रवाल को प्रभारी नियुक्त किया है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा जल्द ही टिकट की रायशुमारी के लिए कोर कमेटी की बैठक बुलाएगी, जिसके बाद रिपोर्ट केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) को भेजी जाएगी और वहीं से प्रत्याशी के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी।
अंता सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
अंता सीट पर इस बार मुकाबला त्रिकोणीय होने के संकेत हैं। नरेश मीणा पहले ही निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं। ऐसे में मुकाबला कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवार के बीच दिलचस्प होने जा रहा है।
भाजपा में दावेदारों की लंबी सूची
भाजपा में पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। इसके अलावा पार्टी कंवरलाल मीणा के परिवार से भी किसी सदस्य को टिकट देने पर विचार कर रही है। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग और नंदलाल सुमन ने भी खुलकर टिकट की दावेदारी जताई है। पार्टी कार्यकर्ताओं का एक वर्ग बाहरी उम्मीदवार का विरोध कर स्थानीय उम्मीदवार के पक्ष में माहौल बना रहा है।

Exit mobile version