24 News Update चित्तौड़गढ़. चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पर मां और नाबालिग बेटी पर एसिड अटैक करने के आरोपी इस्माइल (28) को पुलिस ने 2 दिन की रिमांड पर भेजा है। आरोपी को सोमवार को अजमेर जीआरपी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी अश्लील वीडियो देखता था और सोशल मीडिया के माध्यम से कई अलग-अलग नंबरों से संपर्क करता था। उसकी मानसिक स्थिति को लेकर पुलिस को संदेह है, क्योंकि वह बार-बार असंगत बातें कर रहा था।
आरोपी की नीयत गलत थी, पहले से परिवार पर रखी थी नजर
GRP थानाधिकारी अनिल देवल ने बताया कि आरोपी की नीयत पीड़ित मां-बेटी के प्रति सही नहीं थी। वह पहले से ही प्लेटफॉर्म 4 पर उनके परिवार पर नजर रखे हुए था और गलत इरादे से उनका पीछा कर रहा था। आरोपी के खिलाफ जांच जारी है और पुलिस उसकी मानसिक स्थिति को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
रेलवे में अटेंडर था आरोपी, अब करता था बर्तन धोने का काम
आरोपी इस्माइल महू, इंदौर (मध्य प्रदेश) का निवासी है और तीसरी कक्षा तक पढ़ा-लिखा है। वह पहले रेलवे में अटेंडर का काम करता था, लेकिन पिछले तीन महीनों से वह नौकरी से बाहर था। फिलहाल वह रेलवे कार्ड के जरिए राजस्थान और मध्य प्रदेश के विभिन्न स्टेशनों पर घूमता रहता था और होटलों में बर्तन धोने का काम करता था।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड, पुलिस ने इंदौर से मंगवाए सबूत
पुलिस ने आरोपी इस्माइल का आपराधिक रिकॉर्ड इंदौर से मंगवाया है और अब तक की जांच में यह सामने आया है कि उसके खिलाफ पहले भी एक मामला दर्ज हो चुका है।
पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता में आ रही समस्याएं
पुलिस प्रशासन पीड़ित मां-बेटी को सरकारी सहायता दिलवाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उनके पास आधार कार्ड और बैंक अकाउंट नहीं होने की वजह से मदद मिलने में समस्या आ रही है। पुलिस और प्रशासन इस समस्या का समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं ताकि पीड़ित परिवार को राहत मिल सके।
चित्तौड़गढ़: मां-बेटी पर एसिड अटैक करने वाला आरोपी 2 दिन की रिमांड पर, मानसिक स्थिति संदिग्ध

Advertisements
