Site icon 24 News Update

चोरी के आरोपी की मौत की अफवाह पर बवाल, डीएसपी चांदमल सिंगाड़िया की गाड़ी पर पथराव, क्या थाने के सीसीटीवी कैमरे कर रहे थे काम??

Advertisements

24 News Update डूंगरपुर। दोवड़ा थाने में पकड़े गए चोरी के आरोपी की तबीयत खराब होने के बाद इलाज के दौरान मौत की अफवाह फैलते ही सोमवार को क्षेत्र में तनाव फैल गया। बीएपी समर्थकों और परिजनों ने दोवड़ा थाने के पास तिराहे पर दो बार जाम लगाया। इस दौरान भीड़ ने सराड़ा से ड्यूटी पर आए डीएसपी चांदमल सिंगाड़िया की गाड़ी पर पथराव कर दिया, जिससे कार के शीशे टूट गए। हालांकि, डीएसपी सुरक्षित रहे। इन सबके बीच बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या थाने के सीसीटीवी कैमरे काम कर रहे थे? क्योंकि अब तक हर बार थानों में इस तरह की घटनाओं के बाद आरटीआई में मांगने पर सीसीटीवी या तो बंद बता दिए जाते हैं या फिर खराब। या फिर फुटेज से थाने की व्यवस्थाओं पर गोपनीयता का बहाना बना दिया जाता है। थाने के सीसीटीवी के मामलों में सुप्रीम कोर्ट सुनवाई कर रहा है व कल ही इस पर सख्त निर्देश भी दिए हैं।
थाना पुलिस के अनुसार, देवसोमनाथ कलारिया निवासी दिलीप अहारी को चोरी के मामले में शुक्रवार तड़के गिरफ्तार किया गया था। थाने में पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ी तो पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उसे उदयपुर रेफर किया गया। वहीं, सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत की अफवाह फैल गई, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।
स्थिति बिगड़ने पर डूंगरपुर जिले के सभी थानों से पुलिसकर्मी दोवड़ा बुलाए गए। साथ ही उदयपुर और सलूम्बर से भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। एडीशनल एसपी अशोक कुमार और अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इस बीच बीएपी नेताओं ने कलेक्ट्री पहुंचकर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आसपुर विधायक उमेश डामोर और दिग्विजय सिंह चुंडावत ने भी लोगों के साथ प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। एसपी मनीष कुमार ने कहा कि युवक का उदयपुर अस्पताल में इलाज जारी है और स्थिति स्थिर है। मौत की खबर अफवाह है। साथ ही उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

Exit mobile version