Site icon 24 News Update

जनगणना-2027: फील्ड ट्रेनर्स को दिए गए प्रशिक्षण, प्रगणकों-सुपरवाइजर की भूमिका पर जोर

Advertisements

24 News Update उदयपुर। आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम का तृतीय दिवस शुक्रवार को आयोजित हुआ। प्रशिक्षण में प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स के दायित्वों, कार्यप्रणाली एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर बनवारी लाल बुम्बरिया ने मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की प्रक्रिया को एचएलओ मोबाइल एप के माध्यम से लाइव डेमो द्वारा समझाया। उन्होंने फील्ड स्तर पर कार्य निष्पादन, डेटा संकलन की शुद्धता तथा प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन दिया। अंतिम सत्र में फील्ड ट्रेनर्स का जनगणना-2027 से संबंधित कार्यप्रणाली पर मूल्यांकन भी किया गया। समापन सत्र में जनगणना निदेशालय जयपुर के जिला समन्वयक महेन्द्र कुमार मीणा ने कहा कि जनगणना एक व्यापक एवं महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश के नागरिकों की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्रित की जाती है। इन आंकड़ों के आधार पर केंद्र एवं राज्य सरकारें विकास योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करती हैं। जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम (प्रशासन) दीपेन्द्र सिंह राठौड़ ने प्रशिक्षणार्थियों को राज्य सरकार द्वारा 6 अप्रैल 2026 को जारी अधिसूचना के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आमजन का दायित्व है कि वे जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग करें तथा प्रगणकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के सही एवं स्पष्ट उत्तर उपलब्ध कराएं। साथ ही जनगणना कार्य हेतु आने वाले अधिकारियों को आवश्यकतानुसार मकान अथवा स्थल पर प्रवेश की अनुमति देना भी अनिवार्य है। कार्यक्रम में उपजिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग पुनीत शर्मा, सहायक निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग राजेन्द्र खटीक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version