सागवाड़ा, 30 अप्रैल (जयदीप जोशी)। नगर की कॉलोनी में स्थित स्व. भीखाभाई भील राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय में जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर 30 अप्रैल को तहसील के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रगणकों (Enumerators) और सुपरवाइजरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण शिविर में तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों से 117 और शहरी क्षेत्रों से 40 प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों ने भाग लिया। कुल 157 प्रगणक-सुपरवाइजरों को आगामी जनगणना के कार्यों, डेटा संकलन की बारीकियों और तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए 8 फील्ड ट्रेनर मौजूद रहे, जिन्होंने फील्ड में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की प्रारंभ में चार्ज जनगणना अधिकारी के निर्देशन में स्थापित पंजीयन काउंटर पर सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों का विधिवत पंजीकरण किया गया। पंजीकरण के पश्चात जनगणना कार्य से जुड़ी आवश्यक किट और सामग्री का वितरण किया गया, ताकि प्रगणक अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ कर सकें। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने संभागियों का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सुबोध सिंह चारण, तहसीलदार रमेशचंद्र वडेरा, नायब तहसीलदार ऋचा डामोर, नायब तहसीलदार, न.पा. अधिशासी अधिकारी सोहेल शेख (ईओ), दिनकर पाटीदार, प्रवीण पाटीदार, विनय पूंजोत, विपिन पाटीदार, जतिन शर्मा, जनक भट्ट एवं भूमित सुथार भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी कर्मियों को पूरी निष्ठा और सटीकता के साथ जनगणना आंकड़े जुटाने के निर्देश दिए, क्योंकि यह डेटा देश के भविष्य के नियोजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

