Site icon 24 News Update

कृषि भूमि हड़पने के आरोप में मामला दर्ज, चार नामजद

Advertisements

24 News Update उदयपुर। बड़गांव क्षेत्र में कृषि भूमि हड़पने के आरोप में पुलिस ने चार व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है। जानकारी के अनुसार, कुराबड़ तहसील के भलाका गुड़ा निवासी मागीलाल भील ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष ने उसकी राजस्व ग्राम अम्बेरी स्थित कृषि भूमि को हड़पने के उद्देश्य से धोखेपूर्वक षड्यंत्र रचा। आरोप है कि आरोपियों ने भूमि के रूपांतरण का झांसा देकर कपटपूर्वक विक्रय पत्र तैयार कराया तथा राजस्व अभिलेखों में अपने नाम दर्ज करवा लिए।
मामले में बड़गांव उप पंजीयन कार्यालय से संबंधित दस्तावेजों के आधार पर प्रकरण कायम किया गया। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर चार आरोपियों—रमेशपुरी गोस्वामी, देवप्रसाद कलासुआ, मुकेश कुमार प्रजापत तथा आशीष धींग—को नामजद किया गया है।
मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, महिला अपराध एवं अनुसंधान प्रकोष्ठ द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version