Site icon 24 News Update

खेत में गांजे की खेती का खुलासा, 129 पौधे जब्त; ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ में आरोपी गिरफ्तार

Advertisements

चित्तौड़गढ़, 20 अप्रैल 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कपासन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक खेत से गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 129 हरे गांजे के पौधे, सुखाए गए पौधे और तैयार गांजा जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के अनुसार, उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह और कपासन डीएसपी हरजीलाल यादव के सुपरविजन में थाना कपासन प्रभारी मनीष शर्मा (आरपीएस प्रोबेशन) को मुखबिर से सूचना मिली कि उचनार खुर्द निवासी धनराज जटिया अपने खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खेत पर दबिश दी, जहां तलाशी के दौरान 129 हरे गांजे के पौधे खड़े पाए गए। इसके अलावा कुछ पौधों को काटकर खेत में ही सुखाया जा रहा था। मौके पर आरोपी द्वारा तैयार की गई गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया भी बरामद हुईं।

पुलिस ने जब्त सामग्री में 16.42 किलोग्राम हरे गांजे के पौधे, 6.90 किलोग्राम सूखे पौधे और 71 ग्राम तैयार गांजा शामिल किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी धनराज जटिया को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Exit mobile version