24 न्यूज अपडेट. प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ में लहसुन की फसल की क्यारियों में गांजे की खेती करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसे घेराबंदी करके पकड़ लिया गया। खेत से 135 गांजे के पौधे बरामद किए गए हैं। प्रतापगढ़ पुलिस ने खेरियादों में यह कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल के आदेशानुसार यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि थाना धमोतर की टीम ने मुखबिर की सूचना पर खेरियादों में छापा मारा था। किसान भगवानलाल मीणा (68) के खेत में गेहूं की सूखी फसल के बीच लहसुन और मक्के की हरी फसल लगी हुई थी। आरोपी ने लहसुन की क्यारियों के बीच में गांजे के पौधे लगाए थे।
पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे पकड़ लिया। खेत की तलाशी के दौरान पुलिस ने खेत से 71.63 किलोग्राम वजन के 135 गांजे के पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने इन पौधों को चार बोरियों में भरकर जब्त कर लिया।
थाना धमोतर में मामला दर्ज करके जाँच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसिंह और वृत्ताधिकारी छोटीसादड़ी गोपाललाल हिंडोनिया के मार्गदर्शन में की गई।
प्रतापगढ़ में लहसुन की क्यारियों में पकड़ी गांजे की खेती

Advertisements
