Site icon 24 News Update

किन्नर अखाड़ा उज्जैन महामंडलेश्वर के बाउंसरों ने एडवोकेट का सिर फोड़ा, लूटपाट का आरोप

Advertisements

24 News Update जयपुर, 28 अप्रैल। राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह चिंकारा कैंटिन के पास एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब काफिले में शामिल बाउंसरों ने एक एडवोकेट पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
पीड़ित कुणाल शर्मा, निवासी मांग्यावास, मानसरोवर, अपनी कार से सेशन कोर्ट जा रहे थे। चिंकारा कैंटिन ट्रैफिक लाइट के पास कार पार्क करते समय मध्यप्रदेश नंबर की छह लग्जरी गाड़ियों के काफिले में शामिल एक वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। विरोध करने पर गाड़ियों से उतरे 5-6 बाउंसरों ने उन पर हमला कर दिया।
धर्मवीर सिंह ने बताया कि टक्कर के बाद काफिले की गाड़ियां रुकीं और बाउंसरों ने एडवोकेट के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में कुणाल शर्मा के सिर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित के अनुसार हमलावरों ने उनका मोबाइल, नकदी और सोने की चेन भी छीन ली। बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
घटना के दौरान पास में मौजूद होमगार्ड जवान भूपेंद्र सिंह ने वीडियो बनाना शुरू किया, लेकिन बाउंसरों ने उसे पकड़कर धमकाया और जबरन वीडियो डिलीट करवाया। बाद में साथियों की मदद से होमगार्ड को छुड़ाया गया।
पीड़ित के अनुसार यह काफिला किन्नर अखाड़ा उज्जैन के महामंडलेश्वर काली नंद गिरी का था, जिसमें डिफेंडर, फॉर्च्यूनर, स्कॉर्पियो सहित छह गाड़ियां शामिल थीं।
घटना के बाद बनीपार्क थाना पुलिस में एडवोकेट कुणाल शर्मा सहित अन्य वकीलों ने शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं हरमाड़ा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान काफिले की एक गाड़ी जब्त कर चार लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Exit mobile version