Site icon 24 News Update

ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: गहने हड़पने के लिए की गई महिला की हत्या

Advertisements

प्रतापगढ़ पुलिस ने 500 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले, पूर्व परिचित ने आर्थिक तंगी बताकर लूटे जेवर, फिर तोलिये से गला घोंटा


24 News Update प्रतापगढ़, प्रतापगढ़ जिले के खेरोट और विरावली के बीच एक सुनसान खेत में मिली महिला की लाश का सनसनीखेज खुलासा पुलिस ने कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पूर्व परिचित बालुराम मीणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने महिला के गहने गिरवी रखने के बहाने लूटे और उसके बाद सफेद तोलिये से गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी।
एसपी बी. आदित्य ने बताया कि 09 अक्टूबर को पुलिस को खेरोट-विरावली के बीच एक सुनसान खेत में महिला की लाश मिली। मृतका का गला सफेद गमछे से बंधा हुआ था और वह मुंह के बल पड़ी थी। मौके पर थानाधिकारी दीपक बंजारा मय जाप्ता पहुंचे और जांच शुरू की।
मृतका की पहचान सपना पुत्री मांगीलाल निनामा, निवासी माण्डलीपाड़ा, घंटाली के रूप में हुई। मृतका के पिता की रिपोर्ट पर थाना प्रतापगढ़ में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

विशेष टीम गठित, 500 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले
एसपी आदित्य के निर्देश पर एएसपी परबत सिंह और डीएसपी गजेन्द्र सिंह राव के मार्गदर्शन में थानाधिकारी प्रतापगढ़ द्वारा विशेष टीमों का गठन किया गया। मामले की सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि मृतका के पास कोई मोबाइल फोन नहीं था। पुलिस ने सपना की हत्या की कड़ियां जोड़ने के लिए प्रतापगढ़, खेरोट, अरनोद, सालमगढ़, घंटाली और अन्य इलाकों के 500 से अधिक CCTV कैमरे खंगाले। तकनीकी और फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और बालुराम मीणा (30), निवासी घंटाली को डिटेन किया गया।

आरोपी ने हत्या कबूल की
मनोवैज्ञानिक और कड़ी पूछताछ के बाद बालुराम मीणा ने हत्या की घटना स्वीकार की। आरोपी बालुराम मीणा मृतका सपना मीणा का पूर्व परिचित था। 06 अक्टूबर को सपना पीहर से बिना बताए प्रतापगढ़ आई और गांधी चौराहा पर बालुराम से मिली। बालुराम ने आर्थिक तंगी का बहाना बनाकर सपना को अपने गहने गिरवी रखने के लिए तैयार किया। आरोपी ने गहने गिरवी रखवाकर पैसे प्राप्त किए। जब सपना अपने गहने या पैसे वापस मांगने लगी, तो बालुराम ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 08 अक्टूबर की शाम, अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी ने पहले से खरीदा सफेद तोलिया लेकर सपना को मोटरसाइकिल पर बैठाया और रुपए दिलवाने के बहाने विरावली-अरनोद की तरफ एक सुनसान खेत में ले गया। मौके का फायदा उठाकर उसने सपना का गला घोंटकर हत्या कर दी।

CCTV फुटेज और पुलिस की भूमिका
थाना प्रतापगढ़ के कांस्टेबल मानसिंह और कृष्णपाल सिंह ने CCTV फुटेज से संदिग्ध की लोकेशन ट्रैक करने में अहम भूमिका निभाई, जबकि थानाधिकारी घंटाली सोहनलाल ने आरोपी की पहचान और डिटेन करने में विशेष योगदान दिया।

Exit mobile version