24 News Update जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर स्थित महात्मा गांधी हॉस्पिटल (एमजीएच) में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सोमवार देर रात करीब 12 बजे एक महिला की MRI जांच के दौरान वीडियो बनाने की कोशिश करते हुए एक सुरक्षा गार्ड को रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है और उसके मोबाइल की जांच शुरू कर दी गई है।
महिला मरीज के भाई ने दर्ज कराई शिकायत
महिला मथुरादास माथुर हॉस्पिटल (एमडीएम) में न्यूरो संबंधी इलाज के लिए भर्ती थी। डॉक्टर ने MRI कराने के लिए महिला को महात्मा गांधी हॉस्पिटल में बने MRI सेंटर भेजा था। रात 12 बजे जांच का समय दिया गया। महिला के साथ उसके परिजन भी मौजूद थे।
चमकती वस्तु देख हुई शंका, मोबाइल से हो रही थी रिकॉर्डिंग
शास्त्री नगर थानाधिकारी जुल्फीकार अली ने बताया कि महिला के भाई ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि MRI रूम के बाहर ड्यूटी पर तैनात गार्ड रहीमुद्दीन अब्बासी (45) निवासी उदयमंदिर, जो मोबाइल से छिपकर वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था, उसे मौके पर पकड़ लिया गया। महिला ने चमकती वस्तु देख संदेह जताया, जिसके बाद परिजन और स्टाफ सतर्क हुए।
गार्ड हिरासत में, मोबाइल खंगालने की कार्रवाई जारी
परिजनों ने अन्य स्टाफ की मदद से गार्ड को पकड़कर एमडीएम चौकी को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। मंगलवार सुबह रहीमुद्दीन को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मोबाइल फोन की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने पहले भी इस तरह की कोई हरकत की है या अन्य आपत्तिजनक सामग्री मोबाइल में है।
जोधपुर के एमजी हॉस्पिटल में महिला की MRI के दौरान वीडियो बनाने की कोशिश, गार्ड गिरफ्तार

Advertisements
