24 News Update भीलवाड़ा। शहर में ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्राइवेट हॉस्पिटल के संचालक को उसी के स्टाफ ने अश्लील वीडियो बनाकर करोड़ों की रंगदारी मांगनी शुरू कर दी। मामला दिसंबर 2025 का है, जिसका खुलासा अब पुलिस कार्रवाई के बाद हुआ है। पुलिस ने इस प्रकरण में हॉस्पिटल के चार नर्सिंग कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हॉस्पिटल के मालिक और सीनियर डॉक्टर को स्टाफ ने एक महिला नर्सिंगकर्मी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसी दौरान आरोपियों ने चोरी-छिपे करीब 10 सेकंड का वीडियो बना लिया। इसके बाद एक दूसरे मोबाइल नंबर से हॉस्पिटल संचालक के व्हाट्सएप पर यह वीडियो भेजा गया और इसे वायरल न करने की शर्त पर 90 लाख रुपए की मांग की गई।
अचानक सामने आई इस ब्लैकमेलिंग से हॉस्पिटल संचालक घबरा गए। दोनों पक्षों के बीच सौदेबाजी का दौर चला, जिसमें आरोपियों ने 90 लाख से घटाकर 60 लाख रुपए की मांग पर सहमति जताई, जबकि संचालक ने 30 लाख रुपए देने की पेशकश की। रकम को लेकर सहमति नहीं बनने पर आरोपियों ने लगातार धमकियां देना शुरू कर दिया।
लगातार मानसिक दबाव और धमकियों से परेशान होकर हॉस्पिटल मालिक ने पुलिस को शिकायत सौंपी। शिकायत में उन्होंने संदेह जताया कि वीडियो बनाने वाले हॉस्पिटल के ही कर्मचारी हो सकते हैं, क्योंकि हॉस्पिटल परिसर में आने-जाने और अंदरूनी गतिविधियों तक पूरी पहुंच स्टाफ को ही होती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी और गोपनीय जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि ब्लैकमेलिंग के पीछे हॉस्पिटल के ही चार नर्सिंगकर्मी शामिल हैं। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर उनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
इस पूरे मामले में माधव उपाध्याय, डीएसपी सिटी, ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामला सामने आने के बाद शहर के चिकित्सा जगत में भी खासा हड़कंप मचा हुआ है।
स्टाफ ने बनाया अश्लील वीडियो, हॉस्पिटल मालिक से 90 लाख की रंगदारी

Advertisements
