24 News Update उदयपुर। झालावाड़ जिले में हाल ही में हुए स्कूल भवन हादसे को लेकर उदयपुर प्रवास पर आए राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और जनजातीय क्षेत्रीय विकास (टीएडी) मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने गहरी संवेदना प्रकट करते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। दोनों नेताओं ने शासन-प्रशासन को भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही।
वासुदेव देवनानी ने कहा कि ऐसी घटनाएं बेहद दुःखद हैं और इनकी पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करें कि बारिश के दौरान किसी भी जर्जर भवन में बच्चों को बैठाकर पढ़ाई न करवाई जाए।
उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टरों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित जर्जर स्कूल भवनों को चिन्हित करें और बारिश के दौरान ऐसे स्कूलों को वैकल्पिक स्थानों पर शिफ्ट कर अध्ययन कार्य जारी रखें, साथ ही जल्द मरम्मत कार्य शुरू करवाएं।
वहीं, टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे विशेष रूप से आदिवासी क्षेत्रों में स्थित जर्जर स्कूलों की सूची तैयार करें और शीघ्र मरम्मत कार्य करवाएं ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति न हो।
झालावाड़ स्कूल हादसे पर बोले विधानसभा अध्यक्ष देवनानी और टीएडी मंत्री खराड़ी — सभी जर्जर स्कूल चिन्हित कर जल्द हो मरम्मत

Advertisements
