24 News Update भीलवाड़ा। जिले के कारोई थाना क्षेत्र में एक एएसआई द्वारा थाने की मेस में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान एएसआई विष्णु कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कारोई थाना, जो जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित है, वहां शुक्रवार रात तक सब कुछ सामान्य था। एएसआई विष्णु कुमार अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद रहे, उन्होंने साथ में भोजन किया और सामान्य बातचीत भी की। इसके बाद वे अपने क्वार्टर चले गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक देर रात वे क्वार्टर से निकलकर थाने की मेस में पहुंचे, जहां उन्होंने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह जब पुलिसकर्मी रोजाना की तरह मेस में पहुंचे, तो एएसआई का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल थाना प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिनकी मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
थाने की मेस में एएसआई ने की आत्महत्या: फंदे से लटका मिला शव, रात तक था सामान्य

Advertisements
