Site icon 24 News Update

35 लाख के बिल के बदले मांगी थी घूस, आर्मी का इंजीनियर 2 दिन के रिमांड पर, 50 हजार लेते रंगे हाथों पकड़ा था

Advertisements

24 News Update जोधपुर। जयपुर के निवारू आर्मी कैंट में भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा करते हुए सीबीआई ने असिस्टेंट गैरिसन इंजीनियर (AGE) सुधांशु सुमन को दबोच लिया है। 35 लाख रुपए का बिल पास करने की एवज में रिश्वत वसूलने के आरोपी सुमन को रविवार को जोधपुर में सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश के निवास पर पेश किया गया, जहाँ से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

90 हजार में हुआ था ‘सौदा’, पहली किश्त में धरा गया
आरोपी सुधांशु सुमन ने एक ठेकेदार के 35 लाख रुपए के बकाया बिल को क्लियर करने के बदले 90 हजार रुपए की डिमांड की थी। दोनों पक्षों के बीच डील फाइनल होने के बाद भ्रष्टाचार का यह खेल शुरू हुआ। जोधपुर सीबीआई के डीआईजी राजवीर सिंह के नेतृत्व में जाल बिछाया गया और शुक्रवार को जयपुर में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

रंगे हाथों गिरफ्तारी और जयपुर से जोधपुर तक का सफर
सीबीआई की टीम ने आरोपी को उस वक्त गिरफ्तार किया जब वह रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपए ले रहा था। शनिवार को गिरफ्तारी की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद टीम आरोपी को जयपुर से जोधपुर लेकर पहुंची। आज छुट्टी का दिन होने के कारण उसे जज के आवास पर पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड हासिल किया गया।
निवारू आर्मी कैंट जैसे सुरक्षित इलाके में सीबीआई की इस छापेमारी ने विभाग के अन्य अधिकारियों में भी हड़कंप मचा दिया है। अब रिमांड के दौरान सीबीआई यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि क्या इस घूसकांड में कुछ और लोग भी शामिल हैं।

Exit mobile version