Site icon 24 News Update

मावली में घर में घुसकर नवविवाहित दंपती का अपहरण, हथियारबंद बदमाशों का हमला

Advertisements

24 News Update उदयपुर, 24 अप्रैल। जिले के मावली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर एक नवविवाहित युवक-युवती का अपहरण कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, घटना 23 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे सालेरा खुर्द गांव की है। परिवादिया मांगीबाई ने रिपोर्ट में बताया कि उसका 22 वर्षीय पुत्र देवेंद्र गाडरी अपनी पत्नी के साथ घर पर मौजूद था। दोनों ने आपसी सहमति से नाता विवाह किया था और युवती पिछले करीब दो माह से ससुराल में रह रही थी।
रिपोर्ट के अनुसार, अचानक आरोपी पक्ष के लोग 3 अन्य साथियों के साथ, जिनके चेहरे ढंके हुए थे, लाठी-सरियों से लैस होकर घर में घुस आए। आरोपियों ने परिवार के साथ मारपीट करते हुए देवेंद्र और उसकी पत्नी को जबरन उठाकर बाहर खड़ी काले रंग की कार में डाल दिया और मौके से फरार हो गए।
मामले में नरेश पिता हरिराम और उसकी पत्नी लीला सहित अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 191(2), 191(3), 333, 126(2), 74, 140(3), 190 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) बसंतीलाल को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

Exit mobile version