24 News Update उदयपुर। राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) के संघटक माणिक्यलाल वर्मा श्रमजीवी महाविद्यालय के शिक्षा संकाय द्वारा आयोजित वार्षिकोत्सव ‘शाश्वत 2025’ का गुरुवार को महाविद्यालय सभागार में विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आगाज कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत, प्राचार्य डाॅ. सुनीता मुर्डिया, प्रो. मलय पानेरी, डाॅ. हेमेन्द्र चौधरी एवं डाॅ. धर्मेन्द्र राजौरा द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। वार्षिकोत्सव के अनुरूप मंच पर भारतीय संस्कृति के विविध रंगों की अद्भुत प्रस्तुति देखने को मिली। प्रारंभ गणपति वंदना से हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों ने राजस्थानी लोक नृत्य, मराठी लावणी, बंगाली नृत्य और विभिन्न प्रांतीय कला-शैलियों पर आधारित प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण रही ‘संभाजीराजे’ पर आधारित भावनात्मक नाट्य प्रस्तुति, जिसने सभागार में उपस्थित सभी अतिथियों और दर्शकों को भावुक कर दिया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान
महाविद्यालय में आयोजित खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं—क्रिकेट, खो-खो, दौड़, मेहंदी, सलाद डेकोरेशन, एकल गीत, विचित्र वेशभूषा, आशुभाषण, रंगोली, फेस पेंटिंग, काव्य पाठ, वन मिनट गेम्स, केश सज्जा, नेल आर्ट, मांडना, एकाभिनय, युगल नृत्य, बगैर आग खाना पकाना, प्रश्नोत्तरी, समूह नृत्य, समूह लोकगीत, पोस्टर मेकिंग आदि—में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को कुलपति प्रो. सारंगदेवोत ने प्रमाणपत्र एवं स्मृति–चिन्ह प्रदान किए।
आत्मविश्वास, लक्ष्य और निस्वार्थ भाव सफलता की कुंजी — कुलपति
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत ने विद्यार्थियों से कहा कि “यदि विद्यार्थी आत्मविश्वास, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण और निस्वार्थ भाव से आगे बढ़ें, तो जीवन में असफलता का कोई स्थान नहीं रहता। हमें केवल अपने लिए ही नहीं, बल्कि समाज, परिवार और देश के लिए भी जीना चाहिए।”
उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय में एक ही कार्य को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करना चाहिए।
वार्षिक प्रतिवेदन एवं पुस्तक का विमोचन
कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्य डाॅ. सुनीता मुर्डिया ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। समारोह में अतिथियों ने डाॅ. दर्शना दवे द्वारा संपादित पुस्तक “दक्षिणी राजस्थान के चयनित आर्द्रभूमियों के जूप्लैंकटन का पारिस्थितिकी” का विमोचन भी किया। कार्यक्रम का संचालन डाॅ. अर्पिता मट्ठा एवं डाॅ. ओजस्वी सारंगदेवोत ने किया। आभार व्यक्त डाॅ. प्रिया चौहान ने किया।
इस अवसर पर डाॅ. ललित श्रीमाली, डाॅ. नीतू पंवार, डाॅ. दर्शना दवे, डाॅ. अर्पिता मट्ठा, डाॅ. प्रिया चौहान, ओजस्वी सारंगदेवोत, मोनिका शांडिल्य, नलिनी चुंडावत, डाॅ. धीरेन्द्र सिसोदिया, डाॅ. दीपेश वत्स, संजय भारद्वाज, डाॅ. दीपक दशोरा सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.