24 News Update उदयपुर। उदयपुर जिले के कानोड़ थाना क्षेत्र में एक ANM द्वारा सुसाइड करने का मामला सामने आया है। घटना कानोड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के डॉक्टर के सरकारी क्वार्टर की है, जहां बीती देर रात ANM ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
थानाधिकारी हुकम सिंह के अनुसार, मृतका अनीता और CHC में पदस्थ डॉक्टर सुरेन्द्र बिजारणिया के बीच प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि अनीता डॉक्टर पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन दिसंबर में डॉक्टर की शादी किसी अन्य महिला से हो गई। इसके बाद से अनीता नाराज और मानसिक तनाव में थी।
पुलिस के अनुसार, घटना से पहले अनीता पिछले चार दिनों से डॉक्टर के सरकारी क्वार्टर में ही रह रही थी। सुसाइड के बाद डॉक्टर सुरेन्द्र बिजारणिया ने ही शव को पंखे से नीचे उतारकर क्वार्टर की सीढ़ियों पर रख दिया और परिजनों को सूचना देकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन डॉक्टर वहां नहीं मिला। जबकि उसी रात उसकी हॉस्पिटल में नाइट ड्यूटी भी थी। पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी करवाई और देर रात करीब 1 बजे चित्तौड़गढ़ जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र से डॉक्टर को हिरासत में लेकर कानोड़ पुलिस को सौंपा गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी डॉक्टर से पूछताछ कर रही है और मामले की विभिन्न एंगल से जांच जारी है।
परिजनों की मांग पर शव को महाराणा भूपाल अस्पताल (एमबी हॉस्पिटल) की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डॉक्टर सुरेन्द्र बिजारणिया कानोड़ CHC में कार्यरत हैं, जबकि मृतका अनीता राजपुरा CHC में नियुक्त थी, जो कानोड़ से करीब 4 किलोमीटर दूर है। मीटिंग और अन्य कार्यों के दौरान दोनों का संपर्क हुआ, जो बाद में व्यक्तिगत संबंधों में बदल गया।

