राजसमंद। बॉलीवुड के दिग्गज दिवंगत अभिनेता Amrish Puri के पोते और अभिनेता Vardhan Puri शुक्रवार शाम परिवार के साथ राजसमंद जिले के नाथद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने Shrinathji Temple में भगवान श्रीनाथजी के दर्शन किए।
जानकारी के अनुसार वर्धन पुरी शाम को नाथद्वारा पहुंचे और मोती महल दरवाजे से मंदिर परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने संध्या आरती झांकी के दर्शन किए और पुष्टिमार्ग की प्रधान पीठ श्रीनाथजी मंदिर की पारंपरिक व्यवस्था का अनुभव लिया।
दर्शन के पश्चात वर्धन पुरी श्री महाप्रभुजी की बैठक में पहुंचे, जहां मंदिर की परंपरा के अनुसार श्रीकृष्ण भंडार के अधिकारी सुधाकर उपाध्याय ने उनका और उनके परिवार का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें श्रीनाथजी का प्रसाद भी भेंट किया गया।
श्रीनाथजी के दर्शन से अभिभूत वर्धन पुरी ने मंदिर प्रशासन और सेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मंदिर में दर्शन की व्यवस्था अत्यंत सुचारु और श्रद्धालुओं के अनुकूल है। यहां सेवा दे रहे सभी सेवक श्रद्धालुओं की पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ सेवा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि श्रीनाथजी के दर्शन कर मन को अत्यंत शांति और सुकून की अनुभूति हुई। साथ ही उन्होंने सभी के सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए भविष्य में पुनः नाथद्वारा आने की इच्छा भी जताई।
इस दौरान मंदिर के मोती महल दरवाजे पर मौजूद श्रद्धालुओं और प्रशंसकों ने वर्धन पुरी के साथ सेल्फी भी ली, जिसका उन्होंने मुस्कुराते हुए अभिवादन स्वीकार किया।

