24 News update नई दिल्ली। अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे के महज आठ दिन बाद ही जश्न मनाने और डांस करने वाले कर्मचारियों का वीडियो वायरल होने पर एअर इंडिया ने अपने ग्राउंड हैंडलिंग वेंचर AISATS के 4 कर्मचारियों से इस्तीफा मांग लिया है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें AISATS (Air India SATS Airport Services Pvt. Ltd.) के कर्मचारी गुरुग्राम ऑफिस में पार्टी के दौरान डांस करते नजर आ रहे हैं। यह पार्टी 20 जून को की गई थी, जबकि अहमदाबाद में 12 जून को एअर इंडिया की फ्लाइट AI 171 क्रैश हुई थी, जिसमें 270 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 241 यात्री और क्रू मेंबर शामिल थे। हादसे में सिर्फ एक यात्री की जान बची।
एअर इंडिया ने जारी किया बयान
एअर इंडिया ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा –
“हम अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। वायरल वीडियो में दिख रहा कर्मचारियों का व्यवहार हमारी कंपनी की आचार संहिता के खिलाफ है। इसलिए हमने संबंधित कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनसे इस्तीफा मांगा है।”
सोशल मीडिया पर गहरा रोष
इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। यूजर्स ने सवाल उठाया कि इतने भीषण हादसे के कुछ ही दिनों बाद कर्मचारी पार्टी और नृत्य कैसे कर सकते हैं? लोगों ने इसे एअर इंडिया की “संवेदनहीनता” बताते हुए ट्रोल किया और कड़ी आलोचना की।
समझिए क्या है AISATS
AISATS एक संयुक्त उपक्रम है, जिसे एअर इंडिया और SATS Ltd (सिंगापुर) ने मिलकर बनाया है। यह कंपनी भारत के कई हवाई अड्डों पर ग्राउंड हैंडलिंग और कार्गो सेवाएं प्रदान करती है। गुरुग्राम स्थित इसका कार्यालय एअर इंडिया की सहायता सेवाओं का प्रमुख केंद्र है।
हादसे की पृष्ठभूमि
12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट AI 171 टेकऑफ के तुरंत बाद रनवे से आगे स्थित एक मेडिकल हॉस्टल की इमारत से टकरा गई थी। हादसे में विमान में सवार 241 यात्री और क्रू के 29 सदस्य मारे गए थे। यह घटना भारतीय विमानन इतिहास की सबसे भीषण दुर्घटनाओं में से एक बन गई है।
फिलहाल DGCA इस हादसे की विस्तृत जांच कर रही है, जबकि एअर इंडिया कंपनी की आंतरिक प्रक्रिया और कर्मचारी आचरण को लेकर भी समीक्षा कर रही है।

