24 News Update जयपुर | जयपुर एयरपोर्ट पर एनआरआई उद्योगपति वासु श्रॉफ (85) के साथ बदसलूकी और 35 लाख रुपए की घड़ी उतरवाने के मामले में कस्टम विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए चार अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया है। इनमें सहायक आयुक्त राजीव कुमार सिंह, प्रेमराज मीणा, शंकर रमन बीपी और आर. के. मीणा शामिल हैं। 11 अप्रैल को जयपुर पहुंचे वासु श्रॉफ को सीकर के फतेहपुर में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होना था। लेकिन जयपुर एयरपोर्ट पर उन्हें जांच के नाम पर पांच घंटे तक व्हीलचेयर पर बैठाकर रखा गया। इस दौरान उन्हें शौचालय तक जाने की अनुमति नहीं दी गई। जांच के दौरान अधिकारियों ने उनकी हाथ में बंधी करीब 35 लाख रुपए की रोलेक्स घड़ी उतरवाकर ड्यूटी जमा करने की मांग की थी, जबकि श्रॉफ ने बताया था कि यह घड़ी 10 साल पुरानी है और शुल्क पहले ही चुकाया जा चुका है। इसके बावजूद घड़ी को जब्त कर लिया गया।
कस्टम विभाग में व्यापक फेरबदल
सूत्रों के मुताबिक वासु श्रॉफ की नाराजगी के बाद केंद्र सरकार ने भी मामले का संज्ञान लिया। कस्टम विभाग ने न सिर्फ चारों दोषी अधिकारियों का ट्रांसफर किया, बल्कि कुल 16 सहायक आयुक्त और उपायुक्तों के भी तबादले किए हैं।
राजीव कुमार सिंह को कोटा और भीलवाड़ा आईसीडी भेजा गया। प्रेमराज मीणा का स्थानांतरण आईसीडी धानक्या (जयपुर) किया गया। शंकर रमन बीपी को जयपुर जेम स्टोन एक्सचेंज और आर के मीणा को खाटूवास (अलवर) व भिवाड़ी आईसीडी में स्थानांतरित किया गया। घड़ी वकील के माध्यम से वापस दिलवाई गई
घड़ी को वासु श्रॉफ को तत्काल नहीं लौटाया गया था। उनके वकील धर्मेंद्र सिंह ने 19 अप्रैल को जयपुर आकर घड़ी कस्टम विभाग से वापस ली और दुबई जाकर वासु श्रॉफ को लौटाई।
वासु श्रॉफ ने कहा- कार्रवाई स्वागत योग्य, लेकिन सुधार जारी रहना चाहिए
कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए वासु श्रॉफ ने कहा कि यह कदम स्वागत योग्य है, लेकिन यह केवल शुरुआत है। उन्होंने कहा, “कोई भी अधिकारी बेवजह किसी बिजनेसमैन या नागरिक को परेशान न करे। सिस्टम में सुधार अनवरत जारी रहना चाहिए।”
NRI उद्योगपति की 35 लाख की घड़ी उतरवाने पर कार्रवाई: जयपुर एयरपोर्ट के 4 कस्टम अफसरों का ट्रांसफर, वासु श्रॉफ बोले- सिस्टम में सुधार जरूरी

Advertisements
