24 News Update निम्बाहेड़ा (कविता पारख)। सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निम्बाहेड़ा से मंगलवाड़ मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए। घायल का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, असावरा निवासी दिलीप धोबी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनके पिता प्रहलाद धोबी बाइक से उनकी बहन पिंकी और दो भांजों भूपेन्द्र व परी के साथ मध्य प्रदेश की ओर से असावरा लौट रहे थे। इसी दौरान गांव धीनवा के पास पेट्रोल पंप के सामने एक अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी लोग सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में पिंकी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रहलाद धोबी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय निम्बाहेड़ा में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दोनों बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया गया। परिजनों के अनुसार, सूचना मिलने पर वे निम्बाहेड़ा जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां पिंकी का शव मोर्चरी में रखा मिला, जबकि पिता का उपचार इमरजेंसी वार्ड में चल रहा था। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

