Site icon 24 News Update

मुर्गे को पिलाई शराब, श्मशान में होने वाली थी ‘पैसों की बारिश’, तभी हो गई पुलिस की एंट्री…..

Advertisements

24 News Update बांसवाड़ा। जिले के सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के पाड़ी लसोड़िया गांव में श्मशान घाट पर तंत्र-मंत्र के जरिए ‘पैसों की बारिश’ कराने का दावा करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। बुधवार देर रात करीब 12:40 बजे पुलिस ने दबिश देकर 2 मास्टरमाइंड सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ बाहरी लोग श्मशान घाट पर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि आरोपी घेरा बनाकर तांत्रिक क्रिया कर रहे थे और एक मुर्गे को शराब पिलाकर उसकी बलि देने की तैयारी में थे। पुलिस ने मौके से मुर्गा, केले, अगरबत्ती, माचिस, सिंदूर, नारियल सहित तांत्रिक अनुष्ठान में प्रयुक्त सामग्री बरामद की।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तांत्रिक विधियों के जरिए बीमार लोगों को ठीक करने और ‘पैसों की बारिश’ कराने का अनुष्ठान कर रहे थे। पुलिस के अनुसार यह कृत्य अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाला है और श्मशान जैसे स्थान पर ऐसी गतिविधियां स्थानीय समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में सोहनलाल, सुखलाल, रामरतन कुमावत, प्रताप सिंह, सुरेशचंद्र, वीरेंद्र, मांगीलाल और राजेंद्र कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सुखलाल और रामरतन कुमावत इस गिरोह के मास्टरमाइंड हैं, जिन्होंने इस तांत्रिक क्रिया के नाम पर करीब 50 हजार रुपए भी वसूले थे।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अंधविश्वास या तांत्रिक दावों के झांसे में न आएं और ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Exit mobile version