24 News Update डूंगरपुर। जिले के आसपुर थाना क्षेत्र के कतिसोर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेलर पर काम कर रहे एक हेल्पर की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह ट्रेलर के केबिन के ऊपर चढ़कर तिरपाल समेट रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
तिरपाल समेटते समय हुआ हादसा
एएसआई गजेन्द्र सिंह ने बताया कि इस संबंध में झल्लारा निवासी दलाराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। दलाराम ने बताया कि वह और मृतक प्रवीण दोनों अपने-अपने ट्रेलर लेकर सागवाड़ा में सीमेंट खाली करने गए थे। सीमेंट खाली करने के बाद वे वापस लौट रहे थे और रास्ते में कतिसोर गांव में गाड़ी धुलवाने के लिए रुके थे। इसी दौरान प्रवीण ट्रेलर के केबिन पर चढ़कर तिरपाल समेट रहा था, तभी ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
रास्ते में तोड़ा दम
करंट लगते ही प्रवीण नीचे गिर पड़ा। साथी चालक और मजदूरों ने तुरंत उसे पूंजपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसे डूंगरपुर रेफर कर दिया।
हालांकि, डूंगरपुर ले जाते समय रास्ते में ही प्रवीण की मौत हो गई।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा गया
घटना की सूचना मिलते ही आसपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजन भी डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचे। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

