24 News Update बाड़मेर। जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब बेकाबू हुई रोडवेज बस को एक पुलिस कॉन्स्टेबल की सूझबूझ ने खाई में गिरने से बचा लिया। महज चार मिनट के घटनाक्रम में बस में सवार 35 से 40 यात्रियों की सांसें अटक गईं, लेकिन अंततः सभी सुरक्षित बच गए।
घटना सदर थाना क्षेत्र के बलाऊ फांटे के पास सुबह करीब 8 बजे की है। जानकारी के अनुसार बाड़मेर से चौहटन जा रही रोडवेज बस के आगे चल रही एक पिकअप ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे बस चालक नियंत्रण खो बैठा और ब्रेक लगाने के दौरान सीट से नीचे गिर गया। इसी दौरान बस बेकाबू हो गई।
बस के केबिन में बैठे धनाऊ थाने में तैनात कॉन्स्टेबल जेठाराम ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत स्टेयरिंग संभाल लिया। उन्होंने ड्राइवर सीट पर बैठकर बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन ब्रेक काम नहीं कर रहे थे। स्थिति को भांपते हुए कॉन्स्टेबल ने बड़ा निर्णय लेते हुए बस को सड़क से नीचे उतार दिया, ताकि किसी बड़े टकराव या पलटने से बचा जा सके।
बेकाबू बस सड़क से करीब 150 मीटर नीचे झाड़ियों और पेड़ों को रौंदते हुए आगे बढ़ती रही और खाई से महज 7 फीट पहले एक पेड़ से टकराकर रुक गई। बताया जा रहा है कि पेड़ नहीं होता तो बस करीब 15 फीट गहरी खाई में गिर सकती थी।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। कॉन्स्टेबल जेठाराम ने ग्रामीणों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से नीचे उतारा और बाद में दूसरी बस की व्यवस्था कर उन्हें रवाना किया गया।
बस में सवार यात्रियों में महिलाओं की संख्या अधिक थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब बस सड़क से नीचे उतरी तो अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पेड़ दिखाई देने पर उम्मीद जगी कि बस रुक जाएगी—और ऐसा ही हुआ।
घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन रखरखाव पर सवाल खड़े करती है।
चलती बस में 4 मिनट का ‘मौत से मुकाबला’-ड्राइवर गिरा, कॉन्स्टेबल ने संभाली स्टेयरिंग, पेड़ से टकराकर रुकी बस

Advertisements
