24 News Update उदयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम ने कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के आदर्शों और राष्ट्रनिष्ठ विचारों को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर तक महाराणा प्रताप के प्रेरक जीवन और आदर्शों को पहुंचाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करें।
वे शनिवार को उदयपुर स्थित प्रताप गौरव केन्द्र में आयोजित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति की साधारण सभा की वार्षिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में आगामी 18 जून 2026 को हल्दीघाटी का युद्ध की 450वीं वर्षगांठ को राष्ट्रगौरव के रूप में भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया गया।
प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि समिति की बैठक पद्मिनी सभागार में समिति अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्षगांठ के अवसर पर शोधपरक कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन, युवाओं के लिए प्रतियोगिताएं, व्याख्यानमाला, युवा सम्मेलन, ऐतिहासिक प्रदर्शनी और जनजागरण अभियान आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में सीए महावीर चपलोत ने आयोजनों के लिए क्राउड फंडिंग के माध्यम से जनसहयोग जुटाने का सुझाव दिया, जिस पर सदस्यों ने सकारात्मक चर्चा की। इस दौरान ओंकार सिंह लखावत, कैलाश सोढ़ानी, डॉ. देव कोठारी, डॉ. मन्नालाल रावत, पारस सिंघवी, गोविंद सिंह टांक, मुरलीधर, डॉ. धर्मेन्द्र सिंह राठौड़ और हनुमान सिंह राठौड़ सहित कई सदस्यों ने विचार रखे। समिति के वर्षभर के कार्यों का प्रतिवेदन महामंत्री पवन शर्मा ने प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष अशोक पुरोहित ने वित्तीय स्थिति और आगामी बजट की जानकारी दी।
नई कार्यकारिणी का गठन
साधारण सभा में आगामी दो वर्षों के लिए समिति की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। अध्यक्ष पद पर प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा पुनः निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी मदन मोहन टांक की देखरेख में सम्पन्न हुई। घोषित कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष के रूप में सुभाष भार्गव, सुहास मनोहर, अशोक पुरोहित, पवन शर्मा और पारस सिंघवी को दायित्व दिया गया। महामंत्री का दायित्व दीपक कुमार शुक्ल संभालेंगे, जबकि कोषाध्यक्ष के रूप में डॉ. महावीर चपलोत नियुक्त हुए हैं। मंत्री पद पर प्रो. मदन सिंह राठौड़ और रमन सूद रहेंगे तथा प्रचार मंत्री का दायित्व जयदीप आमेटा को सौंपा गया है। सदस्यों में चंद्रगुप्त सिंह चौहान, प्रो. अनिल कोठारी, प्रो. गायत्री स्वर्णकार, डॉ. मन्नालाल रावत, अभय सिंह राठौड़, नरेन्द्र मीणा और रुचि श्रीमाली को शामिल किया गया है। बैठक के अंत में अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम के मार्गदर्शन को समिति की आगामी कार्ययोजना का आधार बनाया जाएगा। वंदेमातरम् के साथ बैठक का समापन हुआ।
महाराणा प्रताप के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, हल्दीघाटी युद्ध की 450वीं वर्षगांठ राष्ट्रगौरव के रूप में मनाने का संकल्प

Advertisements
